उद्धव ठाकरे के चीखने-चिल्लाने का असर, अब हो रही है CM और मंत्रियों के हेलीकॉप्टर की जांच

पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के हेलीकॉप्टर की जांच के बाद हुए हंगामे का असर अब दिखने लगा है। अब सीएम, मंत्रियों समेत सभी बड़े नेताओं के हेलीकॉप्टर और बैग की जांच शुरू हो गई है।
उद्धव ठाकरे के चीखने-चिल्लाने का असर, अब हो रही है CM और मंत्रियों के हेलीकॉप्टर की जांच
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर में बैग की जांच करते चुनाव आयोग के अधिकारी (सोर्स: वीडियो)
Published on
Updated on

मुंबई: महाराष्ट्र में जैसे-जैसे मतदान की तारीख पास आ रही है, राज्य का राजनीतिक पारा भी गर्म होता जा रहा है। पिछले तीन दिन से एक नए मामले से सियासी पारा चढ़ा हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के हेलीकॉप्टर की जांच के बाद हुए हंगामे का असर अब दिखने लगा है। चेकिंग के दौरान चुनाव अधिकारियों और महायुति के नेताओं पर चीखने चिल्लाने के बाद अब सीएम, मंत्रियों समेत सभी बड़े नेताओं के हेलीकॉप्टर और बैग की जांच शुरू हो गई है।

हेलीकॉप्टर में बैग चेकिंग के राजनीतिक विवाद के बीच बुधवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सामान की भी पालघर पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पर SOP के तहत जांच की गई। एकनाथ शिंदे विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए पालघर पहुंचे, जहां सुरक्षा एहतियात के तौर पर निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के बैग और हेलीकॉप्टर के उतरने के बाद उनकी जांच की।

यह घटनाक्रम तब हुआ जब शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने अपने बैग की जांच पर गुस्सा जाहिर किया और पूछा कि क्या चुनाव आयोग के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार के बैग की जांच की थी।

सुप्रिया सुले ने भी उठाए सवाल

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता सुप्रिया सुले ने भी घटना की निंदा की और इसे गंदी राजनीति करार दिया। सुप्रिया सुले ने कहा कि उद्धव ठाकरे के बैग की दो बार जांच की गई, जबकि सत्ता में बैठे नेताओं के बैग की जांच नहीं की गई।

देवेंद्र फडणवीस और रामदास आठवले के बैग की हुई जांच

उद्धव ठाकरे और एमवीए के नेताओं के हंगामे के बाद चुनाव आयोग के अधिकारियों ने महायुति के नेताओं की बैग की जांच भी शुरू कर दी है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बैग भी चेक किया गया। साथ ही पुणे में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले के बैग की भी जांच हुई।

पहले भी उठ चुका है ऐसा मुद्दा

हालांकि, चुनाव आयोग के सूत्रों ने स्पष्ट किया कि प्रवर्तन एजेंसियां ​​समान अवसर बनाए रखने के लिए एसओपी का सख्ती से पालन कर रही हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान बिहार में भी इसी तरह का मुद्दा उठा था। तब चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया गया था कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत प्रमुख नेताओं के हेलीकॉप्टरों की जांच प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा की गई थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com