

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक दुखद खबर सामने आई है जिसने मीडिया जगत को झकझोर कर रख दिया है। तेलुगु न्यूज चैनल की जानी-मानी एंकर स्वेच्छा वोटारकर का शव उनके कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन परिवार का दावा है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि मानसिक उत्पीड़न का नतीजा है। 40 वर्षीय स्वेच्छा की मौत ने पत्रकारिता जगत को सदमे में डाल दिया है।
स्वेच्छा के पिता ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कर उस शख्स को इस आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उस व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है।
केटी रामा राव ने जताया दुख तेलंगाना के पूर्व मंत्री और बीआरएस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने स्वेच्छा की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, स्वेच्छा वोटारकर की असमय मौत की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी के पास कहने को शब्द नहीं हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि वे मानसिक रूप से संघर्ष कर रहे हैं तो बिना झिझक प्रोफेशनल मदद लें। उन्होंने कहा, जिंदगी अनमोल है, और हर समस्या का समाधान होता है।
यह भी पढ़ें:
लगातार अपडेट में जुटी है पुलिस
पुलिस अब इस हाई प्रोफाइल केस में हर एंगल से जांच कर रही है। स्वेच्छा के सोशल मीडिया प्रोफाइल, कॉल डिटेल्स और चैट रिकॉर्ड्स को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि मौत से पहले वह किन मानसिक हालात से गुजर रही थीं। स्वेच्छा के सहकर्मियों और दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों को ध्यान में रखा जाएगा।