वॉट्सऐप पर ब्लॉक करने पर लड़की ने किया सुसाइड, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पवई पुलिस थाने में आदित्य पंडित नाम के एक युवक पर एफआईआर दर्ज की गई है। युवक पर आरोप है कि आदित्य अपनी गर्लफ्रेंड को मानसिक रूप से टॉर्चर करता था। आदित्य की गर्लफ्रेंड का नाम सृष्टि तुली था और सृष्टि एयर इंडिया में पायलट थी। आरोप है कि आदित्य सृष्टि पर अपने तरीके से जिंदगी जीने, रहने तथा खाने-पीने का दबाव बनाता था। दो साल तक सृष्टि और आदित्य का यह रिश्ता चला। इस बार जब आदित्य ने सृष्टि को 12 दिनों तक वॉट्सऐप पर ब्लॉक रखा तो उसने 13वें दिन आदित्य को फोन किया और कहा कि अब वो जान देने वाली है।
दो साल से आदित्य पंडित तथा सृष्टि तुली दोनों रिलेशन में थे। आदित्य पंडित लगातार अपनी गर्लफ्रेंड सृष्टि तुली को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परेशानी का आलम ऐसा था कि छोटी-छोटी बातों पर दोनों के बीच बड़ा विवाद हो जाता था। एक बार तो शॉपिंग के लिए हुए विवाद के दरम्यान उनकी कार का एक्सीडेंट हुआ तो आदित्य अपनी गर्लफ्रेंड सृष्टि को बीच रास्ते पर ही छोड़कर चला गया। सृष्टि फिर अपने फ्रेंड की मदद से घर पहुंची, लेकिन प्यार की खातिर सृष्टि ये सब बातें भूल गई।
वहीं एक बार खाने में नॉनवेज को लेकर भी कहासुनी हो गई, क्योंकि आदित्य पंडित को नॉनवेज खाना पसंद नहीं था। आदित्य ने रेस्टोरेंट में सरेआम सृष्टि को जलील किया था, लेकिन सृष्टि ने फिर भी आदित्य के इस बर्ताव पर कोई रिएक्ट नहीं किया और उसे यकीन था कि एक न एक दिन आदित्य सामान्य हो जाएगा, लेकिन हाल ही में आदित्य की बहन की शादी तय हुई तो शादी में जाने को लेकर आदित्य ने सृष्टि पर ऐसा दबाव बनाया कि दोनों में फिर कहासुनी हो गई।
आदित्य ने 12 दिनों तक सृष्टि को वॉट्सऐप पर ब्लॉक रखा था। सृष्टि इस बात से इस कदर परेशान थी कि बीते 25 नवंबर की रात उसने आदित्य को फोन कर बताया कि वह सुसाइड करने जा रही है। ये सुन आदित्य घबरा गया और वह आनन-फानन में सृष्टि के फ्लैट पर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था फिर चाभी वाले की मदद से दरवाजा खुलवाया। अंदर देखा तो सृष्टि का शव पंखे से लटका मिला। इसके लिए उसने डेटा केबल का इस्तेमाल किया था।