बरेली में बवाल के बाद कार्रवाई, बिजली चोरी पर SP नेता समेत 8 पर FIR, अवैध ई-चार्जिंग सेंटर ध्वस्त

UP news: उत्तर प्रदेश के बरेली में बिजली चोरी का मामला सामने आया है। इस मामले में सपा पार्षद ओमान खान समेत 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही 1.12 करोड़ का जुर्माना भी लगाया है।
Electricity Theft
बिजली चोरी (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Uttar Pradesh Electricity Theft News: मौलाना तौकीर रजा के रिश्तेदार मोहसिन रजा, सपा पार्षद ओमान खान, पूर्व पार्षद नदीम समेत आठ लोगों के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई। बिजली निगम और विजिलेंस टीम ने सभी 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ 1.12 करोड़ का जुर्माना लगाया है।

उत्तर प्रदेश में बरेली के बानखाना क्षेत्र के रजा चौक नाले के पास नगर निगम की जमीन पर अवैध ई-चार्जिंग सेंटर बनाया गया था। इसके संचालकों के खिलाफ बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी में टीम को अवैध रूप से ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन, घरों में डायरेक्ट कटिया डालकर बिजली चोरी मिली। चेकिंग में 5 परिसरों में 93 ई-रिक्शा, बिजली के पोल से सीधा कटिया डालकर 77 किलोवाट की बिजली चोरी करते पकड़े गए। सभी अवैध केबल काटकर कब्जे में लिया गया। इस मामले में नगर निगम ने पहले ही बुलडोजर चलाकर चार्जिंग सेंटर ध्वस्त कर दिया था।

इन लोगों के घर पकड़ी गई चोरी

इसके अलावा 3 घरों में सीधे केबल डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। सपा पार्षद ओमान रजा के यहां 10.5 किलोवाट, पूर्व पार्षद  नदीम के यहां 9.8 किलोवाट, बरकत रजा खान के यहां 17.5 किलोवाट, मोहसिन रजा के यहां 14.7 किलोवाट, वसीम खान के यहां 12.6 किलोवाट, पूर्व पार्षद ओमान रजा के दूसरी जगह पर चार किलोवाट, मोहम्मद हसीन के यहां चार किलोवाट, यासीन मियां के यहां चार किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई।

ड्रोन से पकड़ी गई बिजली चोरी

बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और नगर निगम की ओर से की गई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान चलाए गए ड्रोन से बिजली चोरी पकड़ी गई। मौके पर कार्रवाई को पहुंची बिजली निगम की टीम ने छतों पर जाकर देखा तो घरों में विद्युत आपूर्ति को अलग-अलग फेस के कुंडे बने हुए थे। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि बानखाना मोहल्ले के रजा चौक में बिजली चोरी की जानकारी पर अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता रेड वर्टिकल को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। शहर के हालात देखते हुए डीएम, एसएसपी को सूचना देकर पुलिस फोर्स की मांग की गई। साथ ही अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई बिजली चोरी की रोकथाम और नियमों के उल्लंघन को लेकर सख्ती का संदेश देने के लिए की गई है

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com