UP की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बोलीं: बजट 'आत्मनिर्भर भारत का घोषणापत्र', समावेशी विकास पर दिया गया जोर

Anandiben Patel on Budget: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने केंद्रीय बजट 2026 की सराहना करते हुए इसे किसानों, युवाओं और महिलाओं के सपनों को सच करने वाला बजट बताया है।
Anandiben Patel
आनंदीबेन पटेल
Published on
Updated on

Governor Anandiben Patel Budget 2026 reaction: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने केंद्रीय बजट 2026-27 को भारत के भविष्य की सुनहरी तस्वीर पेश करने वाला बजट बताया है। रविवार को राजभवन से जारी एक आधिकारिक बयान में उन्होंने कहा कि यह बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं है, बल्कि देश की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब और 'विकसित भारत' के संकल्प का सशक्त घोषणापत्र है।

आर्थिक सुदृढ़ता और गरीबी पर प्रहार

राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोगों का गरीबी रेखा से बाहर आना सरकार की नीतियों की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने रेखांकित किया कि राजकोषीय अनुशासन बनाए रखते हुए नियंत्रित घाटा और संतुलित कर्ज-जीडीपी अनुपात भारत की विकास यात्रा को एक सुरक्षित आधार प्रदान कर रहा है।

नवाचार और युवाओं को नए अवसर

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बजट में तकनीक और आधुनिकता के समावेश की विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने कृषि क्षेत्र में 'भारत विस्तार' जैसे एआई (कृत्रिम मेधा) आधारित नवाचारों को क्रांतिकारी कदम बताया। साथ ही, शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं के लिए नए छात्रावासों का निर्माण और 'खेलो इंडिया' के माध्यम से कौशल विकास और रोजगार को जोड़ने की पहल को युवाओं के लिए एक बड़ा संबल माना। उन्होंने कहा कि विनिर्माण (Manufacturing) क्षेत्र पर किया गया रिकॉर्ड निवेश और रेल व जलमार्गों का विस्तार देश की रसद प्रणाली (Logistics) को बदल कर रख देगा।

हरित उद्योग और पर्यावरण संरक्षण

पर्यावरण की दृष्टि से बजट के प्रावधानों को सराहते हुए राज्यपाल ने कहा कि हरित उद्योगों के लिए 'कार्बन कैप्चर' तकनीक और 'इको-फ्रेंडली ट्रेल्स' जैसे नवाचार यह दर्शाते हैं कि भारत प्रगति के साथ-साथ प्रकृति के प्रति भी सजग है। विनिर्माण, ग्रामीण स्वराज और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल भारत को आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगी।

राज्यपाल ने अंत में विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट सुधारों की गति को तेज करेगा और समृद्ध भारत के निर्माण में सहायक सिद्ध होगा। उनके अनुसार, यह बजट किसान, मजदूर, उद्यमी और छात्रों समेत समाज के हर वर्ग को समान संवेदनशीलता के साथ लाभान्वित करता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com