
टीना अंबानी, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Tina Ambani Birthday: भारतीय सिनेमा की ‘डिस्को गर्ल’ से लेकर देश के सबसे प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने की बहू बनने तक का टीना अंबानी का सफर किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। 11 फरवरी को जन्मी टीना अंबानी (पूर्व नाम टीना मुनीम) आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। एक सफल अभिनेत्री, आर्ट लवर और परोपकारी व्यक्तित्व के रूप में उन्होंने समाज में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके जीवन के पन्ने पलटें तो संघर्ष, सफलता और समर्पण की एक प्रेरणादायक कहानी सामने आती है।
मुंबई के एक गुजराती परिवार में जन्मी टीना मुनीम ने साल 1978 में देव आनंद की फिल्म ‘देश परदेश’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। अपनी मासूमियत और आधुनिक लुक के कारण वे जल्द ही युवाओं की पसंद बन गईं। ‘लूटमार’, ‘मनपसंद’, ‘रॉकी’ और ‘कर्ज’ जैसी फिल्मों ने उन्हें सफलता के शिखर पर पहुंचा दिया।
हालांकि, जब उनका करियर चरम पर था, तब उन्होंने अभिनय को अलविदा कह दिया और आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका चली गईं। इसी दौरान उनके जीवन में एक नया मोड़ आया जब उनकी मुलाकात उद्योगपति अनिल अंबानी से हुई। साल 1991 में दोनों शांदी के बंधन में बंध गए, जिसके बाद टीना मुनीम ‘टीना अंबानी’ के रूप में एक नई भूमिका में नजर आईं।
रिलायंस समूह की बहू बनने के बाद टीना अंबानी ने खुद को केवल पारिवारिक जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ‘हार्मोनी आर्ट फाउंडेशन’ की स्थापना की, जिसने उभरते हुए कलाकारों को एक वैश्विक मंच प्रदान किया। इसके अलावा, उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति लाने के उद्देश्य से मुंबई में ‘कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल’ की नींव रखी।
आज यह अस्पताल भारत के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों में से एक है, जो टीना अंबानी के कुशल प्रबंधन और विजन का प्रमाण है। वे बुजुर्गों के कल्याण के लिए ‘सिल्वर इयर्स’ जैसी पहलों के माध्यम से समाज के वंचित वर्गों की सेवा में भी सक्रिय रहती हैं।
चकाचौंध भरी दुनिया से ताल्लुक रखने के बावजूद टीना अंबानी अपनी सादगी और पारिवारिक मूल्यों के लिए जानी जाती हैं। अनिल अंबानी के साथ उनके वैवाहिक जीवन को कॉर्पोरेट जगत में एक मिसाल के तौर पर देखा जाता है। कठिन समय में अपने पति और परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है।
यह भी पढ़ें: बेरोजगारी के मोर्चे पर बड़ी राहत! अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में गिरा ग्राफ, क्या सुधर रही है इकोनॉमी की सेहत?
टीना अंबानी अपने दो बेटों, जय अनमोल और जय अंशुल की परवरिश में भी उन्होंने भारतीय संस्कारों को प्राथमिकता दी है। आज उनके जन्मदिन के अवसर पर सोशल मीडिया से लेकर व्यापारिक जगत तक उन्हें ढेरों शुभकामनाएं मिल रही हैं, जो उनके प्रति लोगों के सम्मान को दर्शाती हैं।






