
गैंगस्टर से राजनेता बने अनंत कुमार सिंह (फाइल फोटो- सौ. सोशल मीडिया)
पटना : बिहार के गैंगस्टर से राजनेता बने अनंत कुमार सिंह ने 25 अगस्त को कहा कि वह बिहार में 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके पहले उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद काफी खुश दिखे और कहा कि मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात अच्छी रही है।
25 अगस्त को बिहार के मुख्यमंत्री और जेडी(यू) नेता नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मैं काम के लिए गया था। उन्होंने कहा कि यह हो जाएगा। मैं 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव लड़ूंगा। मुलाकात अच्छी रही। मुख्यमंत्री ने कुछ नहीं कहा।”
नीतीश कुमार द्वारा राज्य में बदलाव लाने पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि आप (मीडिया के लोग) भी इसे देख सकते हैं कि कितना बदलाव हुआ है। इसको बताने की जरूरत नहीं है। वहीं राज्य में 2025 के चुनावों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जो आज सत्ता में हैं, वे आगे भी सत्ता में बने रहेंगे। कोई और नहीं आने वाला है। इसका मतलब साफ है कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं।
बिहार में छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह ने 2020 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी के टिकट पर जीत हासिल की। इस साल की शुरुआत में अनंत सिंह को मेडिकल ग्राउंड पर 15 दिन की पैरोल पर पटना की बेउर जेल से रिहा किया गया था।
आपको बता दें कि अगस्त 2019 में उनके आवास से एके-47 राइफल बरामद होने के बाद अनंत सिंह आर्म्स केस में 10 साल की जेल की सजा काट रहे हैं। एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें 10 साल कैद की सजा सुनाई थी।
इसे भी पढ़ें.. बिहार में जन सुराज ने शुरू किया पोस्टर वार, लिखा ‘लालू यादव ने देखा सिर्फ अपना परिवार….’
बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। माना जा रहा है कि अक्टूबर-नवंबर 2025 में चुनाव कराए जा सकते हैं। बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा के लिए अक्टूबर और नवंबर 2025 में मतदान होने की उम्मीद है। इस साल की शुरुआत में एनडीए में लौटे नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन से बिहार के सीएम के रूप में शपथ ली। कुमार की जेडीयू ने भाजपा के साथ गठबंधन करके 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ा था।






