बिहार कैबिनेट में फिर फेरबदल: नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद विजय सिन्हा और दिलीप जायसवाल को अहम विभाग

Bihar Cabinet Expansion: नितिन नबीन के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को शहरी विकास और दिलीप जायसवाल को सड़क निर्माण विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
nitin nabin
नितिन नबीन, फोटो- सोशल मीडिया
Updated on

Bihar Politics: बिहार में नितिन नबीन के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद राज्य सरकार ने प्रमुख विभागों का तुरंत पुनर्वितरण कर दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर यह फेरबदल किया गया, ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए।

बिहार की राजनीति में मंगलवार को नितिन नवीन के मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद कैबिनेट में एक अहम फेरबदल किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर हुए इस विभागीय पुनर्गठन से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल की भूमिका और अधिक मजबूत हुई है।

इस्तीफे के बाद हुआ विभागों का पुनर्गठन

बिहार में यह अहम घटनाक्रम तब हुआ, जब बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नितिन नवीन ने मंत्रिमंडल से अपना इस्तीफा सौंपा। नितिन नवीन ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाला था। पार्टी के "एक व्यक्ति, एक पद" के सिद्धांत और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी जिम्मेदारियों के कारण उन्होंने मंगलवार को बिहार मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया। प्रशासनिक कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए, इसे सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर प्रमुख विभागों का तुरंत पुनर्वितरण किया गया।

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को शहरी विकास की जिम्मेदारी

इस फेरबदल में, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को शहरी विकास एवं आवास विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह विभाग सीधे तौर पर शहरी अवसंरचना, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं से जुड़ा हुआ है। सरकार को यह उम्मीद है कि उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में इस विभाग में योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और निगरानी सशक्त होगी। वर्तमान में विजय सिन्हा बिहार सरकार में खनन, राजस्व और भूमि सुधार विभाग का प्रभार भी संभाल रहे हैं।

दिलीप जायसवाल को मिला सड़क निर्माण विभाग

बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल की भूमिका भी इस फेरबदल से मजबूत हुई है। उन्हें सड़क निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। यह विभाग राज्य के बुनियादी ढांचे से जुड़ा सबसे अहम विभागों में से एक माना जाता है। दिलीप जायसवाल की प्रमुख जिम्मेदारी अब नितिन नवीन के कार्यकाल में शुरू की गई कई बड़ी सड़क और संपर्क परियोजनाओं को समय पर पूरा कराना होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com