सांसद पप्पू यादव की बढ़ी मुश्किलें! अस्पताल से सीधा बेऊर जेल शिफ्ट; कल पटना कोर्ट में 'जमानत' पर टिकी निगाहें

Pappu Yadav: पप्पू यादव को कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद अदालत ने उनकी जमानत अर्जी पर सोमवार को सुनवाई तय करने का आदेश देते हुए पप्पू यादव को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया
pappu yadav shifte to beur jail
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Pappu Yadav Shifted to Beur Jail: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को पटना के पीएमसीएच अस्पताल के कैदी वार्ड से बेऊर जेल शिफ्ट कर दिया है। पटना पुलिस ने शुक्रवार आधी रात को उन्हें 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया था। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद अदालत ने उन्हें दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

सांसद पप्पू यादव की तबीयत खराब होने के चलते उन्हें पीएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कराय गया था। बताया जा रहा है कि उनकी सेहत में सुधार होने के बाद रविवार को बेऊर जेल में शिफ्ट कर दिया गया। सांसद की जमानत अर्जी पर सोमवार को पटना के एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट में सुनवाई होगी।

6 जनवरी की रात को हुई थी गिरफ्तारी

दरअसल, सांसद पप्पू यादव को पटना के मंदिरी आवास पर 6 जनवरी की आधी रात को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पहले मौके पर खूब हंगामा हुआ। पप्पू यादव और उनके समर्थक पुलिसकर्मियों से वारंट को लेकर बहस करने लगे। रात 11 बजे सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह वहां पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस सांसद को गिरफ्तार कर आईजीआईएमएस लेकर गई।

7 फरवरी को IGIMS में हुए थे शिफ्ट

रात करीब 12 बजे उन्हें आईजीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात भर वे स्ट्रेचर पर ही रहे। 7 फरवरी की सुबह उन्हें मेडिकल जांच के लिए पीएमसीएच लाया गया। वहां उन्हें सीने में दर्द की शिकायत होने लगी तो पुलिस सुबह 11 बजे उन्हें पीएमसीएच से इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान लेकर गई। वहां चेकअप के बाद दोपहर सवा 12 बजे पप्पू यादव को एंबुलेंस में पटना सिविल कोर्ट परिसर में ले जाया गया।

सोमवार को जमानत अर्जी पर सुनवाई

पप्पू यादव को कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद अदालत ने उनकी जमानत अर्जी पर सोमवार को सुनवाई तय करने का आदेश देते हुए पप्पू यादव को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सांसद की ओर से कहा गया कि उनकी तबीयत खराब है। इस पर अदालत ने पप्पू यादव का समुचित इलाज कराने के निर्देश भी दिए।

कोर्ट से बेऊर जेल ले गई पुलिस

दोपहर बाद पुलिस एंबुलेंस से ही कोर्ट से उन्हें बेऊर जेल ले गई। वहां से उन्हें पीएमसीएच के कैदी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रविवार को उनकी तबीयत में सुधार आने के बाद डॉक्टरों की सलाह पर पप्पू यादव को बेऊर जेल में शिफ्ट कर दिया है। अब सोमवार को उन्हें फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उनकी जमानत पर सुनवाई होगी।

किस केस में गिरफ्तार हुए हैं पप्पू यादव

पटना के पुनाईचक के एक मकान को 1995 में कब्जा करने के आरोप में सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव पर शास्त्रीनगर टीओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में यह केस गर्दनीबाग थाने में स्थानांतरित किया गया। तब शास्त्रीनगर टीओपी गर्दनीबाग थाना के अधीन था। पुलिस का कहना है कि मकान मालिक विनोद बिहारी लाल का आरोप है कि उसने जिस व्यक्ति को किराए पर मकान दिया था उसने पप्पू यादव के एक करीबी को बाद में दे दिया।

मकान में राजनीतिक दल का कार्यालय संचालित किया जाने लगा। इससे मकान मालिक नाराज थे और उसने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। लगभग 31 साल से यह केस एमपी- एमएलए कोर्ट में चल रहा है। पुलिस कई दिनों से वारंट लेकर घूम रही थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com