अमित शाह (File Photo)
पटना : आज यानी शनिवार को गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंच रहे हैं। वहीं इस दौरान वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित भाजपा नीत राजग के नेताओं से मुलाकात करेंगे और कुछ सार्वजनिक समारोहों को संबोधित करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले गृह मंत्री शाह के दौरे का विवरण बीते शुक्रवार को पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख दिलीप जायसवाल ने साझा किया। जायसवाल ने कहा, “अमित शाह के शाम पौने आठ बजे पटना हवाई अड्डे पर पहुंचने की संभावना है। वह पार्टी विधायकों से बातचीत के लिए सीधे राज्य भाजपा मुख्यालय जाएंगे। इसके बाद देर रात कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसमें बिहार से केंद्रीय मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।”
देश की ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें
वहीं रविवार को पटना में सहकारिता विभाग के एक समारोह को संबोधित करने के बाद शाह गोपालगंज जिले में एक रैली के लिए रवाना होंगे। पार्टी की बिहार इकाई के अध्यक्ष ने कहा, “गोपालगंज से लौटने के बाद वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की महत्वपूर्ण बैठक के लिए मुख्यमंत्री के आवास पर जाएंगे, उसके बाद वापसी की उड़ान भरेंगे।”
जानकारी दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आज प्रस्तावित पश्चिम बंगाल दौरा आगामी ईद के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के प्रमुख सुकांत मजूमदार ने इस बाबत जानकारी दी थी। केंद्रीय मंत्री मजूमदार ने पिछले सप्ताह कहा था कि शाह के 29 मार्च को कोलकाता पहुंचने और अगले दिन पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने की संभावना है।
विदेश की ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें
वहीं फिर मजूमदार ने कहा था कि, “31 मार्च को ईद के मद्देनजर योजना को पुनर्निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम तय होने पर हम आपको सूचित करेंगे।” इस साल शाह का राज्य का यह दूसरा दौरा है जिसे स्थगित किया गया है। इससे पहले जनवरी में प्रस्तावित उनका दौरा भी स्थगित कर दिया गया था। गृह मंत्री शाह को आज यानी 29 जनवरी को पूर्वी मेदिनीपुर जिले में एक जनसभा को संबोधित करना था और लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारी का मूल्यांकन करने के लिए संगठनात्मक बैठकें करनी थीं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)