BMW Group India की जबरदस्त कामयाबी, 2025 की तीसरी तिमाही में दर्ज की सबसे बड़ी बिक्री
Electric Vehicle Growth: BMW Group India ने भारत में अपने प्रदर्शन का नया रिकॉर्ड बनाया है। अब तक की सबसे अधिक 4,204 कारें बेचकर इतिहास रच दिया है।
- Written By: सिमरन सिंह
BMW की बड़ी ब्रिकी। (सौ. BMW)
BMW Group India: जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी BMW Group India ने भारत में अपने प्रदर्शन का नया रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने 2025 की तीसरी तिमाही (जुलाई से सितंबर) में अब तक की सबसे अधिक 4,204 कारें बेचकर इतिहास रच दिया है। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 21% की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। BMW का कहना है कि GST 2.0 के लागू होने और त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग ने बिक्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
GST 2.0 और फेस्टिव सीजन से मिली जबरदस्त रफ्तार
BMW Group India के अध्यक्ष और सीईओ हरदीप सिंह बरार ने कहा, “इस साल भारत में BMW की बिक्री उम्मीद से कहीं बेहतर रही है। हमने डबल डिजिट ग्रोथ का अनुमान लगाया था, लेकिन वास्तविक वृद्धि उससे भी अधिक रही।” उन्होंने बताया कि अगस्त तक BMW लगभग 11% की दर से बढ़ रही थी, जबकि सितंबर के बाद यह ग्रोथ 13% तक पहुंच गई। बरार के अनुसार, GST 2.0 के तहत टैक्स कटौती और त्योहारी खरीदारी के चलते उपभोक्ताओं की मांग में जबरदस्त इज़ाफा हुआ है, जिससे कंपनी की बिक्री को नया बूस्ट मिला।
जनवरी से सितंबर तक करीब 12 हजार कारों की बिक्री
BMW ने जनवरी से सितंबर 2025 के बीच कुल 11,978 कारें बेचीं, जो पिछले साल की तुलना में 13% अधिक है। इनमें BMW ब्रांड की 11,510 कारें और MINI ब्रांड की 468 कारें शामिल हैं। सिर्फ कारों में ही नहीं, कंपनी की BMW Motorrad बाइक डिवीजन ने भी शानदार प्रदर्शन किया है। इस अवधि में कंपनी ने 3,976 मोटरसाइकिलें बेचीं, जिससे यह साफ है कि BMW ने प्रीमियम बाइक सेगमेंट में भी अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।
सम्बंधित ख़बरें
सस्ता, हल्का और दमदार, नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च, 10 साल तक बैटरी चलने का है दावा
पेट्रोल-डीजल का डर बढ़ा: EV की डिमांड में धमाका, मिलेगे सस्ता विकल्प या आने वाला बड़ा बदलाव?
अब सस्ता इलेक्ट्रिक ऑटो आने वाला, Hyundai-TVS की जोड़ी मार्केट में मचाएंगी धूम
पेट्रोल-डीजल का खेल खत्म? मिडिल क्लास के लिए बड़ा बदलाव, नई कार खरीदने से पहले जान लें CAFE-3 का नियम
ये भी पढ़े: Maruti Grand Vitara पर धमाकेदार ऑफर, त्योहारी सीजन में 1.80 लाख रुपये तक की छूट
इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में रिकॉर्ड 246% की वृद्धि
BMW के इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट ने इस साल अभूतपूर्व प्रदर्शन किया है। कंपनी के अनुसार, वार्षिक आधार पर EV बिक्री में 246% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब तक भारत में 2,509 इलेक्ट्रिक BMW और MINI कारें बेची जा चुकी हैं, जिससे कुल बिक्री में EV की हिस्सेदारी 21% तक पहुंच गई है। कंपनी ने बताया कि BMW iX1 सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार रही, जबकि BMW i7 ने दूसरे स्थान पर जगह बनाई। अब तक भारत में BMW लगभग 5,000 इलेक्ट्रिक वाहनों की डिलीवरी कर चुकी है। बरार ने कहा, “मेट्रो शहरों में तेजी से विकसित हो रहे चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से आने वाले महीनों में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग और बढ़ेगी।”
