गर्भगृह में रामलला की पहली झलक
नई दिल्ली/अयोध्या: जहां अयोध्या (Ayodhya) में बीते गुरुवार 18 जनवरी को नए बने भव्य राम मंदिर (Ram Mandir Inaugration) में भगवान रामलला की मूर्ति को स्थापित कर दिया गया है। वहीं इस बाबत बाकायदा पूजा- संकल्प के बाद रामलला के नवनिर्मित विग्रह को गर्भगृह में स्थापित किया गया है। बीते गुरुवार को ही रामलला की मूर्ति को गर्भगृह लाया गया। इसके बाद कारीगरों ने बड़ी ही दक्षता से मूर्ति को आसन पर खड़ा किया।
इस जटिल प्रक्रिया में करीब 4 घंटे से ज्यादा का वक्त लगा। इसके बाद मूर्ति को अनाज, फल, घी और सुगंधित जल में रखा गया। इसके साथ ही मूर्ति का गंधादिवास प्रारंभ हो गया है। अब आगामी 22 जनवरी को मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
इस मौके पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष गोविन्द गिरी जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि, पूजा-संकल्प के साथ ही भगवान को गर्भगृह में विराजमान कर दिया गया है। अब भगवान रामलला का गंधादिवास प्रारंभ हो गया है। गोविंद गिरी जी महाराज ने आगे बताया कि, शुभ मुहूर्त के हिसाब से बीते गुरूवार को सबसे पहले दोपहर 1:20 पर संकल्प लिया गया है। उसके बाद तमाम तरह के वैदिक ऋचाओं के बाद एक तरफ से पूजा-अर्चना तो दूसरी तरफ भगवान के विग्रह को गर्भगृह में विराजित किया गया। हालांकि यह पूरी प्रक्रिया थोड़ी तकनीकी थी, इसलिए इसमें थोड़ा वक्त लगा है।
Ayodhya, UP | Glimpse of the idol of Lord Ram inside the sanctum sanctorum of the Ram Temple in Ayodhya. (Source: Sharad Sharma, media in-charge of Vishwa Hindu Parishad) pic.twitter.com/kZ6VeuYvSt — ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) January 18, 2024
इस बाबत गोविंद गिरी जी ने जानकारी दी कि, जिस प्रतिमा की अभी हम और आप पूजा-अर्चना करते हैं या फिर उन्हें देखने के लिए लोग अस्थाई मंदिर में आते हैं। उस प्रतिमा को भी आगामी 20 जनवरी को गर्भगृह में लाया जाएगा। उसी दिन उस प्रतिमा को वहां पर स्थापित किया जाएगा। वह भगवान की चल प्रतिमा है, जो अचल प्रतिमा के सामने विराजमान रहेगी।
गौरतलब है की इससे पहले बीते बुधवार को गर्भगृह में स्थापित होने वाली रामलला की 200 किलो वजन वाली नई मूर्ति को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर लाया गया था। इसी मूर्ति को राम मंदिर परिसर भ्रमण कराना था, लेकिन इसके भारी होने के चलते फिर भगवान रामलला की 10 किलो की चांदी की मूर्ति को परिसर में भ्रमण कराया गया था। जानकारी दें कि, पूरे देश को आगामी 22 जनवरी का इंतजार है जब भगवान रामलला मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।