Diella AI Minister: भ्रष्टाचार से परेशान यूरोपीय देश अल्बानिया ने बड़ा कदम उठाया है। अल्बानियाई सरकार ने देश में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए एक अनोखा फैसला करते हुए एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) मंत्री की नियुक्ति की है। प्रधानमंत्री एडी रामा ने शुक्रवार को इसके बारे में देश को जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नए मंत्रिमंडल में एक एआई मंत्री शामिल की गई है। जिसका नाम डिएला रखा गया है। अल्बानियाई भाषा में "डिएला" का अर्थ होता है 'सूर्य'। यह एआई मंत्री सार्वजनिक वित्त पोषण वाली परियोजनाओं की निगरानी करेगी और सरकारी निविदाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी।
प्रधानमंत्री रामा का दावा है कि डिएला यह सुनिश्चित करेगी कि सरकारी टेंडर "100 प्रतिशत भ्रष्टाचार मुक्त" हों। डिएला कोई वास्तविक व्यक्ति नहीं है, बल्कि एक वर्चुअल एआई अवतार है। उसने इस साल की शुरुआत में ई-अल्बानिया नामक सार्वजनिक सेवा पोर्टल पर वर्चुअल असिस्टेंट के रूप में काम शुरू किया था। पारंपरिक अल्बानियाई लोक परिधान में प्रस्तुत डिएला, नागरिकों को वेबसाइट पर सेवाओं का उपयोग करने में मदद करती है।
हाल ही में हुए संसदीय चुनावों में प्रधानमंत्री रामा की सोशलिस्ट पार्टी ने 140 में से 83 सीटें जीतकर लगातार चौथी बार सरकार बनाई है। हालांकि, कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि डिएला की संवैधानिक स्थिति और आधिकारिक दर्जा अभी स्पष्ट नहीं है और इस दिशा में और कार्य किया जाना बाकी है।
1990 में कम्युनिस्ट शासन के पतन के बाद से भ्रष्टाचार अल्बानिया के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। ऐसे में रामा सरकार की यह डिजिटल पहल सिर्फ एक राजनीतिक स्टंट बनकर रह जाएगी या सचमुच 'डिएला' (सूर्य) की तरह रोशनी फैलाएगी यह समय बताएगा। हालांकि इसके इससे एक बात साफ है कि अल्बानिया डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में एक नया प्रयोग करने जा रहा है, जो दुनिया के लिए एक दिलचस्प उदाहरण बन सकता है।
यह भी पढ़ें: हिंसा के बाद नेपाल में अंतरिम सरकार का गठन, सुशीला कार्की बनेगी प्रधानमंत्री, 4 मंत्री भी लेंगे शपथ
हालांकि, एआई को इस प्रकार की जिम्मेदारी दिए जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई देशों में एआई मॉडल्स, न्यूज एंकर वेटर जैसी जिम्मेदारियां निभाते देखा गया है। लेकिन अल्बानिया में एआई को मंत्री बना दिए जाने को एक बड़ी उपल्बधी के तौर पर देखा जा सकता है।