Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कई बड़े और अहम फैसले लिए गए हैं। बुधवार को अयोध्या में संपन्न हुई ट्रस्ट की बैठक में तीन नए ट्रस्टियों के नामों पर आधिकारिक मुहर लगा दी गई। इसके अलावा मंदिर प्रशासन को सुचारू रूप से चलाने के लिए देश के पूर्व वायुसेना उपाध्यक्ष (रिटायर्ड एयर मार्शल) जीतेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। वहीं, स्वामी गोविंददेव गिरि जी को नया महामंत्री बनाया गया है।
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सुभासपा के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने नेपाल त्रासदी से लेकर एससीओ बैठक और अखिलेश और राहुल के गठबंधन पर बड़ा बयान दिया है।
उत्तर प्रदेश की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के इस्तीफा को लेकर बवाल मचा हुआ है। वह मिर्जापुर, संत कबीर नगर और देवरिया में जिला अधिकारी, डीएम, रहीं। वर्ष 2013 बैच की उप्र कैडर की दिव्या मित्तल मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं। उनके इस्तीफा देने के बाद उनके राजनीति में आने के कयास लगाए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पंजाब नेशनल बैंक की सोफिया मार्केट स्थित शाखा में करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में 7 करोड़ के नकली नोट मिलने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में यह आंकड़ा बढ़कर 17 करोड़ पहुंच गया।
राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO का ऐलान हो गया है। भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को यह जिम्मेदारी मिली है। एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वेस्टर्न कमांड की कमान संभाली थी। साथ ही तीन नए ट्रस्टी महेश भागचंदका, मदन मोहन पांडेय और निर्मला यादव भी नियुक्त किए गए हैं।
पूर्व राज्यमंत्री और भाजपा विधायक अनिल शर्मा का निधन हो गया है। 63 वर्षीय शिकारपुर विधायक ने बुधवार दोपहर बीएल कपूर हॉस्पिटल दिल्ली में अंतिम सांस ली। उनके निधन से जिले में शोक की लहर है।बुलंदशहर के ग्राम सुरजावली निवासी अनिल शर्मा ने ग्राम प्रधानी से राजनीतिक सफर शुरू किया था। वह दो बार खुर्जा व दो बार शिकारपुर से विधायक रहे। पिछली भाजपा सरकार में वन राज्यमंत्री थे।
बीएसएफ हेड कांस्टेबल मिनिस्ट्रियल (एचसीएम) की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने बुधवार को चकेरी के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा किया। अभ्यर्थियों ने परीक्षा में पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण की व्यक्तिगत पेशी के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली और जांच की गुणवत्ता को लेकर अदालत ने बेहद सख्त टिप्पणी की। न्यायमूर्ति समीर जैन की एकल पीठ ने कहा कि अदालत के सामने ऐसे कई मामले आते हैं, जिनमें जांच की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के आउटसोर्स कर्मियों को बुधवार को बड़ा उपहार दिया। इन कर्मियों से जुड़ी सभी समस्याओं को सुनने व सुलझाने के लिए सीएम ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ करने के साथ ही यूपीकॉस के पोर्टल व वेबसाइट की लॉन्चिंग और इसके लोगो का अनावरण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों को बढ़ाए गए पारिश्रमिक के चेक सौंपे तथा 40 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर भी प्रदान किया।
आगरा मंडल के मैनपुरी जनपद से पुलिस और समाजवादी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच कथित तकरार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मैनपुरी में तैनात क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह एक व्यक्ति से यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं - “बना लो वीडियो, खूब बना लो और अखिलेश यादव को दिखा देना।” वीडियो में क्षेत्राधिकारी अपनी नेमप्लेट दिखाते हुए मूंछों पर ताव देते हुए भी नजर आ रहे हैं।