

Mainpuri CO Ashok Kumar Singh Viral Video: आगरा मंडल के मैनपुरी जनपद से पुलिस और समाजवादी पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच कथित तकरार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मैनपुरी में तैनात क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह एक व्यक्ति से यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं - “बना लो वीडियो, खूब बना लो और अखिलेश यादव को दिखा देना।” वीडियो में क्षेत्राधिकारी अपनी नेमप्लेट दिखाते हुए मूंछों पर ताव देते हुए भी नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो किसी प्रदर्शन के दौरान का है, जहां पुलिस अधिकारी और सपा कार्यकर्ता के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में कथित तौर पर सपा कार्यकर्ता पुलिस अधिकारी पर दबाव बनाने का प्रयास करता नजर आता है और सत्ता परिवर्तन के बाद कार्रवाई होने की बात कहता सुनाई देता है। इसके जवाब में क्षेत्राधिकारी वीडियो बनाने और उसे सपा प्रमुख अखिलेश यादव को दिखाने की बात कहते नजर आ रहे हैं।
हालांकि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे पुलिस अधिकारी के आत्मविश्वास और दबाव में नहीं आने से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ लोग पुलिस अधिकारी के कथित तेवर और बातचीत के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं।
उधर, वीडियो के वायरल होने के बाद एक बार फिर पुलिस और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच टकराव को लेकर बहस तेज हो गई है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं द्वारा सत्ता में वापसी का हवाला देकर पुलिस अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश उचित है? दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों से भी सार्वजनिक स्थानों पर संयमित और मर्यादित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।