इमरान, जीशान समेत 12 के खिलाफ एफआईआर, फर्जी दस्तावेज से जमीन कब्जाने और धमकी देने का आरोप
तीन मुकदमों से अवैध प्लॉटिंग का मामला फिर सुर्खियों में, पीडीए की तहरीर पर एयरपोर्ट और पूरामुफ्ती थानों में दर्ज हुईं एफआईआर
पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर आरोपों की शुरू की जांच
Illegal Land Possession Imran and Zeeshan Accused: माफिया अतीक अहमद के साढ़ू इमरान और जीशान समेत 12 लोगों के खिलाफ जमीन कब्जाने, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और धमकी देने के आरोप में एयरपोर्ट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जमीन से जुड़े इस मामले में अवैध प्लॉटिंग और कथित फर्जीवाड़े के आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की तहरीर पर एयरपोर्ट और पूरामुफ्ती थानों में अवैध प्लॉटिंग के संबंध में तीन अलग-अलग मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट थाने में दर्ज मुकदमे में फाजिल जाफरी और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। इसके अलावा एक अन्य शिकायत में इमरान, जीशान समेत 12 लोगों पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जा करने और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पूरामुफ्ती थाने में दर्ज मुकदमे में माफिया अतीक अहमद के साढ़ू इमरान, जीशान, इश्तशाम अहमद और तारिक को नामजद किया गया है।
इस पूरे मामले में पीडीए की ओर से 16 नवंबर को मौजा गांजा और मंदरी में की गई कार्रवाई भी महत्वपूर्ण है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की टीम ने इन इलाकों में अवैध तरीके से विकसित की जा रही प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया था। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण और भूखंडों के अनधिकृत विकास के खिलाफ कदम उठाए गए थे।
एक ही प्लॉट को कई लोगों को बेचने तथा खरीदारों को जमीन पर कब्जा नहीं दिलाने जैसे आरोप भी सामने आए। इसके बाद पीडीए ने संबंधित मामलों में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है। कूटरचित दस्तावेजों की वास्तविकता, जमीन के स्वामित्व और कथित कब्जे से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।