नोमन अध्यक्ष और नसरा उपाध्यक्ष बनीं  (सोर्स : सोशल मीडिया)
उत्तर प्रदेश

AMU छात्रसंघ चुनाव: 8 साल बाद हुए चुनाव में नोमान अशरफ बने अध्यक्ष, नसरा नईम बनीं पहली महिला उपाध्यक्ष

AMU Student Union Election: आठ साल बाद हुए चुनाव में उपाध्यक्ष पद जीतकर नसरा नईम ने AMU छात्रसंघ के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया,तीन प्रमुख पदों में से एक पर निर्वाचित होने वाली पहली महिला बनीं।

प्रदीप कुमार रावत, शक्ति सौरभ

Highlights:

  • आठ साल बाद हुआ छात्रसंघ चुनाव

  • नसरा बनीं तीन प्रमुख पदों एक पर काबिज होने वाली पहली महिला

  • उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम को 7091 वोट मिला

AMU Student Union Elections Result : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल के लंबे इंतजार के बाद हुए छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित होते ही परिसर में छात्र राजनीति का नया अध्याय शुरू हो गया। अध्यक्ष पद पर मोहम्मद नोमान अशरफ ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम और मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान ने बाजी मारी।

परिणाम सामने आते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने नारेबाजी और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।

उपाध्यक्ष पद पर काबिज होने वाली पहली महिला बनीं नसरा

इस चुनाव का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक परिणाम नसरा नईम की जीत के रूप में सामने आया। लॉ फैकल्टी की छात्रा नसरा एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मानद सचिव जैसे तीन प्रमुख पदों में से किसी एक पर निर्वाचित होने वाली पहली महिला बन गई हैं। उनकी जीत को विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में महिला भागीदारी और नेतृत्व के लिहाज से अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

जीत के बाद नसरा नईम ने इसे पूरी तलबा बिरादरी(छात्र समुदाय) की जीत बताया। उन्होंने कहा कि एक स्पष्ट विजन के साथ उन्होंने नई लकीर खींचने का प्रयास किया है। उन्हें उम्मीद है कि छात्र राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

अध्यक्ष पद पर नोमान अशरफ को मिले 7797 वोट

अध्यक्ष पद के मुकाबले में मोहम्मद नोमान अशरफ ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए 7797 वोट हासिल किए। मोहम्मद इंतखाब 3676 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं शरजील इकबाल को 1807 और मोहम्मद जुहैर अहमद को 1274 वोट मिले।

अब्दुल वहीद को 361,असमर फरीदी को 345, अमीना इरशाद को 136, शरजील मोहम्मद खान को 33 और साहिल खान को 14 वोट प्राप्त हुए।

नसरा नईम ने 7091 वोटों से दर्ज की जीत

उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम ने 7091 वोट हासिल कर जीत अपने नाम की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी साकिब अली खान को 5818 वोट मिले। मोहम्मद सदान को 1525, अयमान हफीज खान को 603, इरफा खान को 196, सैयद अयान अहमद को 75 और अशफाक हुसैन को 69 वोट प्राप्त हुए।

मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान ने 8385 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। अहमद फराज राजी 6882 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि मोहम्मद ओवैस को 144 वोट मिले।

आठ साल के इंतज़ार हुआ ख़त्म

आठ साल बाद संपन्न हुए इस छात्रसंघ चुनाव ने एएमयू में छात्र राजनीति को नई ऊर्जा और नया नेतृत्व दिया है। खास बात यह है कि इस बार चुनाव परिणामों ने न केवल नए छात्र नेताओं को सामने लाया, बल्कि नसरा नईम की ऐतिहासिक जीत ने विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का भी मजबूत संदेश दिया है।

BIG BREAKING: दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण से जहरीली हुई हवा, CAQM ने लागू किया GRAP-3

आदिवासी लीडर निशा भगत ने की खुदकुशी, फेसबुक लाइव के बाद उठाया दर्दनाक कदम

CJI सूर्यकांत पर पोस्ट से भड़का सुप्रीम कोर्ट, केरल कांग्रेस से पूछा- अवमानना की कार्रवाई क्यों न हो?

मुंबई हाई कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, BSE और अमिताभ बच्चन का जलसा भी निशाने पर

पटियाला में कर्मभूमी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, पंजाब से बिहार जा रही थी ट्रेन