IND W vs SA W, ICC World Cup Final 2025: ऑस्ट्रेलिया की मजबूत टीम को सेमीफाइनल में हराकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ ही न सिर्फ हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में जगह बना ली है, बल्कि करोड़ों की कमाई भी सुनिश्चित कर ली है।
रिकॉर्ड 339 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया को करीब 19.85 करोड़ रुपये (लगभग 20 करोड़) की इनामी राशि मिलनी तय है। हालांकि, खिलाड़ियों की नज़र अब फाइनल ट्रॉफी पर है। जहां अगर भारत दक्षिण अफ्रीका को मात देता है तो करीब 39.70 करोड़ रुपये की विशाल राशि उसके खाते में जाएगी।
आईसीसी ने इस बार महिला वर्ल्ड कप की इनामी राशि में ऐतिहासिक इजाफा किया है। कुल 13.88 मिलियन डॉलर (करीब 116 करोड़ रुपये) पुरस्कार राशि के रूप में तय की गई है, जो पिछले संस्करण की तुलना में लगभग 297% अधिक है। 2022 में न्यूजीलैंड में हुए वर्ल्ड कप की कुल प्राइज मनी 3.5 मिलियन डॉलर थी। खास बात यह है कि अब महिला और पुरुष दोनों विश्व कपों में समान इनाम राशि दी जाएगी। यह फैसला आईसीसी की ‘जेंडर पे-पैरिटी पॉलिसी' का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य महिला और पुरुष खिलाड़ियों को बराबर आर्थिक सम्मान देना है।
टूर्नामेंट विजेता को 4.48 मिलियन डॉलर (करीब 39.7 करोड़ रुपये) और उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन डॉलर (करीब 19.8 करोड़ रुपये) की धनराशि दी जाएगी। वहीं, सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को 1.12 मिलियन डॉलर (लगभग 9.9 करोड़ रुपये) का पुरस्कार मिलेगा।
आईसीसी ने यह भी सुनिश्चित किया है कि ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली टीमों को खाली हाथ न लौटना पड़े। हर भाग लेने वाली टीम को 2.5 लाख डॉलर (करीब 2.2 करोड़ रुपये) मिलेंगे। इसके अलावा, हर ग्रुप मैच की जीत पर 34,314 डॉलर (लगभग 28.8 लाख रुपये) दिए जाएंगे। जो टीमें पांचवें और छठे स्थान पर रहेंगी उन्हें 7 लाख डॉलर (करीब 6.1 करोड़ रुपये) और सातवें-आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को 2.8 लाख डॉलर (करीब 2.4 करोड़ रुपये) की रकम दी जाएगी।
इस वर्ल्ड कप ने न केवल भारतीय टीम के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है, बल्कि महिला क्रिकेट के आर्थिक स्तर को भी नई दिशा दी है। समान वेतन और रिकॉर्ड इनामी राशि से यह साबित होता है कि अब महिला क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि सम्मान और पहचान की नई मिसाल बन चुका है।