करौली शंकर महाराज ने पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के महामंडलेश्वर पद से इस्तीफे का ऐलान किया।
उन्होंने अखाड़ा अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास को पत्र भेजा।
पत्र में आपसी खींचतान, तानाशाही और संपत्तियों के कथित दोहन के आरोप लगाए।
Naya Udasin Akhada Controversy: नासिक में 21 नवंबर शनिवार शाम को करौली शंकर महाराज ने हरिद्वार के मिश्री मठ में प्रेस वार्ता की, तभी उन्होंने त्यागपत्र के संबंध में जानकारी दी। करौली शंकर महाराज ने कहा कि उन्हें पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण में महामंडलेश्वर के रूप में सेवा करने का अवसर मिला, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों ने उन्हें त्याग-पत्र देने के लिए विवश कर दिया।
अखाड़े के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने महामंडलेश्वर पद से त्यागपत्र देने का ऐलान किया है। अखाड़ा अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास को भेजे पत्र में उन्होंने अखाड़े की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आपसी खींचतान, तानाशाही, मुकदमेबाजी और निजी हितों के लिए संपत्तियों के कथित दोहन के आरोप लगाए हैं।
उनके इस फैसले से संत समाज में भी चर्चा तेज हो गई है। वहीं दूसरी तरफ नया उदासीन अखाड़े में चल रही चर्चाओं के अनुसार अखाडो की व्यवस्थाओं में लगातार करौली शंकर महाराज के हस्तक्षेप से अखाड़े के पदाधिकारी नाराज थे और उनके ऊपर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी चल रही थी जिसकी खबर लगने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया है।
करौली शंकर महाराज का कहना है कि जिस उद्देश्य से उन्होंने अखाड़े में महामंडलेश्वर पद प्राप्त किया था, वो उद्देश्य साकार नहीं हो पाया। वहां पर सुबह शाम पूजा के बाद इतिश्री हो जाती है। धर्म और समाजहित के कार्य नहीं होते। उन्होंने आरोप लगाया कि अखाड़े के पदाधिकारियों के बीच आपसी खींचतान और तानाशाही का माहौल है।
पंजाब के लोगों को न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व और उचित सम्मान नहीं मिलने के कारण विवाद बढ़ा और मामला आपसी मुकदमेबाजी तक पहुंच गया।जिन उद्देश्यों को लेकर महापुरुषों ने अखाड़े की स्थापना की थी, उनकी पूर्ति के बजाय निजी हितों के लिए अखाड़े की संपत्तियों का कथित शोषण और दोहन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात अखाड़े की मूल परंपराओं और उद्देश्यों के अनुरूप नहीं हैं। करौली शंकर महाराज ने अखाड़े की धार्मिक गतिविधियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अपने पत्र में दावा किया कि अखाड़े में ध्यान साधना और पूजा पाठ जैसी धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियां पूरी तरह बंद हो चुकी हैं। ऐसे में अखाड़े की स्थापना के मूल उद्देश्यों की पूर्ति नहीं हो पा रही है।
नया उदासीन से इस्तीफा देने के बाद करौली अगला कदम या किसी अखाड़े में जाएंगे इसकी तस्वीर तो अभी तक साफ नहीं हो पा रही है लेकिन यह टाइम माना जा रहा है कि करौली शंकर महाराज के महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा देने के बाद अखाड़ा परिषद में एकता लाने के चल रहे सकारात्मक अभियान पर असर पड़ सकता है।
यहां पर विशेष उल्लेखनीय है कि करौली शंकर महाराज अखाड़ा परिषद महानिर्वाणी गुट के मीडिया संयोजक थे और बीते दिनों हरिद्वार में अखाड़ा परिषद के दोनों गुटों के बीच बैठक की समन्वय बनाने की मुख्य भूमिका इन्हीं की थी। यहां पर यह भी सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या अब वह अखाड़ा परिषद में मीडिया संयोजक या प्रवक्ता का पद भी छोड़ देंगे क्योंकि जब तक वह किसी अखाड़े के सदस्य नहीं रहेंगे तो अखाड़ा परिषद में पदाधिकारी नहीं रह सकते?