राजस्थान से बिहार तक 6 दुर्घटनाएं, 27 की मौत; तेज रफ्तार और लापरवाही? आम जनता के साथ-साथ सरकार पर सवाल

Weekend Road Accidents: वीकेंड पर देश के कई राज्यों में हुए भीषण सड़क हादसों में कई परिवार उजड़ गए। कहीं तेज रफ्तार तो कहीं चालक की लापरवाही हादसे की वजह बनी। पढ़ें हादसों पर लगाम लगाने के उपाय।
road accident
सड़क हादसेसोर्स-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में भीषण सड़क हादसे, कई परिवारों ने गंवाए अपने लोग

  • कहीं तेज रफ्तार बनी काल तो कहीं चालक को आई झपकी, हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

  • 2024 में सड़क दुर्घटनाओं में 1.77 लाख लोगों की मौत, ओवरस्पीडिंग हादसों की सबसे बड़ी वजह बनी

25 People Killed in Road Accidents: देश के अलग-अलग राज्यों में बीते वीकेंड हुए भीषण सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश से सामने आई दुर्घटनाओं में कई परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया। कहीं तीर्थयात्रा से लौट रहे परिवार की गाड़ी ट्रक से टकरा गई, तो कहीं तेज रफ्तार भारी वाहन ने कार को अपनी चपेट में ले लिया। इन घटनाओं में बच्चों, महिलाओं और युवाओं की भी जान गई।

इन हादसों को केवल अलग-अलग दुर्घटनाओं के तौर पर देखना पर्याप्त नहीं है। इनके पीछे तेज रफ्तार, वाहन चालक की थकान, सड़क किनारे खड़े भारी वाहन और यातायात नियमों की अनदेखी जैसे गंभीर सवाल छिपे हैं।

road accident
Public Holiday: खुशखबरी! 24 नवंबर को स्कूल-कॉलेज-बैंक बंद, देखें राज्यों की लिस्ट

राजस्थान से बिहार तक कहां-कहां हुए हादसे?

बीते सप्ताह हुई सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिलेवार विश्लेषण करें तो देश में सड़क हादसों की भयावह तस्वीर सामने आती है।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में बस-ट्रक की भिड़ंत

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में नेशनल हाईवे-2 पर डबल डेकर बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से वाराणसी जा रही थी, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।

बिहार के बाढ़ में हाइवा ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर

बिहार के अथमलगोला थाना क्षेत्र में सवनीमा पेट्रोल पंप के पास एक अनियंत्रित हाइवा ने तिलक समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया।

हरियाणा के करनाल में दो लोगों की गई जान

हरियाणा के करनाल में मॉडल टाउन के पास ज्वेल्स रोड पर दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 से 4 लोगों के घायल होने की खबर है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गुजरात के कच्छ में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत

गुजरात के भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार और तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे और तीन महीने का एक मासूम भी शामिल था। सभी लोग आर्मी परिवारों से जुड़े थे और रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज लौट रहे थे।

जोधपुर में कार और ट्रैवल टेंपो की जोरदार टक्कर

राजस्थान के जोधपुर में कार और ट्रैवल टेंपो की टक्कर में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। बताया गया कि गुजरात का एक परिवार रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहा था। इस घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी की धार्मिक यात्राओं के दौरान सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं।

हादसों के पीछे कौन-सी वजहें?

इन दुर्घटनाओं में अलग-अलग परिस्थितियां सामने आई हैं, लेकिन कुछ जोखिम लगभग हर घटना में दिखाई देते हैं।

तेज रफ्तार: हाईवे पर अधिक गति होने के कारण चालक को अचानक सामने आए वाहन या बाधा से बचने का पर्याप्त समय नहीं मिलता।

थकान और नींद: लंबी दूरी तक लगातार वाहन चलाना दुर्घटना का बड़ा जोखिम है। कोटा हादसे में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है।

भारी वाहनों की मौजूदगी: सड़क किनारे खड़े ट्रक और अनियंत्रित भारी वाहनों से टक्कर का खतरा बढ़ जाता है।

सुरक्षा नियमों की अनदेखी: सीट बेल्ट, सुरक्षित दूरी और निर्धारित गति सीमा जैसे नियमों की अनदेखी दुर्घटना के परिणाम को अधिक गंभीर बना सकती है।

खराब और अधूरी सड़कें भी हादसों की बड़ी वजह : सड़क दुर्घटनाओं के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाही के साथ-साथ खराब सड़कें भी एक बड़ी वजह हैं। देश के कई हिस्सों में सड़कें जगह-जगह से टूटी हुई हैं। कहीं गहरे गड्ढे हैं तो कहीं निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। कई स्थानों पर सड़क किनारे संकेतक, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी नहीं है। ऐसे में रात के समय वाहन चालकों को गड्ढों और अचानक आने वाले मोड़ों का अंदाजा नहीं लग पाता। बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भरने से खतरा और बढ़ जाता है। समय पर मरम्मत और निर्माण कार्य पूरा नहीं होना भी दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ाता है।

आंकड़े बताते हैं कि समस्या कितनी गंभीर है?

सड़क दुर्घटनाएं केवल किसी एक राज्य या हाईवे तक सीमित समस्या नहीं हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से राज्यसभा में मार्च 2026 में पेश आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में देशभर में 4,87,707 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 1,77,175 लोगों की जान चली गई।

आंकड़ों के मुताबिक 2024 में दर्ज सड़क दुर्घटनाओं में करीब 70 प्रतिशत मौतें ओवरस्पीडिंग से संबंधित थीं। इससे स्पष्ट है कि तेज रफ्तार सड़क सुरक्षा के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बनी हुई है।

road accident
इंडोनेशिया कैंडी फैक्ट्री अग्निकांड: 12 घंटे बाद भी धधक रही आग, 3 लोगों की मौत, 36 लोग अभी भी लापता- VIDEO

सड़क सुरक्षा सिर्फ नियम बनाने से नहीं आएगी

इन घटनाओं के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हाईवे पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? केवल वाहन चालकों पर जिम्मेदारी डालकर व्यवस्था की कमियों से बचा नहीं जा सकता।

हाईवे पर पर्याप्त चेतावनी संकेत, सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था, नियमित पेट्रोलिंग, गति सीमा की निगरानी और थके हुए चालकों के लिए विश्राम स्थल बेहद जरूरी हैं। इसके साथ ही भारी वाहनों की पार्किंग और ओवरलोडिंग पर भी सख्ती से निगरानी होनी चाहिए।

सरकार की राह-वीर योजना भी दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।