‘नारियल’ फूटते ही लग सकती है आचार संहिता (सौजन्यः सोशल मीडिया) 
नागपुर

‘नारियल’ फूटते ही लग सकती है आचार संहिता, घोषणा को लेकर उत्सुकता, शाम का हो सकता है मुहूर्त

Code Of Conduct: नागपुर में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री द्वारा भूमिपूजन के बाद आज शाम महानगरपालिका चुनाव की घोषणा और आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई जा रही है।

आंचल लोखंडे

Nagpur Municipal Elections: नागपुर शहर में सोमवार सुबह महानगरपालिका (मनपा), नागपुर सुधार प्रन्यास (एनआईटी), महारेल और सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा किए जाने वाले विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भूमिपूजन कर नारियल फोड़ेंगे। इसके अलावा राज्य के विभिन्न बड़े शहरों में भी भूमिपूजन और लोकार्पण के कार्यक्रम तय किए गए हैं। इससे महानगरपालिका चुनावों के संकेत मिल रहे हैं।

राजनीतिक गलियारों और प्रशासनिक हलकों में यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि सोमवार सुबह भूमिपूजन और लोकार्पण के कार्यक्रमों के बाद मनपा चुनाव के लिए आचार संहिता लागू हो सकती है। इससे पहले भी यह अटकलें थीं कि विधानमंडल का सत्र समाप्त होते ही राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा महानगरपालिका चुनावों की घोषणा की जा सकती है।

चुनाव को लेकर उत्सुकता

महानगरपालिका चुनावों को लेकर शहर के सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और इच्छुक उम्मीदवारों में उत्सुकता बढ़ गई है। राजनीतिक दलों द्वारा उम्मीदवारी के लिए आवेदन प्रक्रिया और उम्मीदवारों के साक्षात्कार जैसी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। पिछले आठ दिनों से शहर में चल रहा विधानमंडल का शीतकालीन अधिवेशन भी समाप्त हो चुका है, जिसके चलते अब सभी की निगाहें चुनाव आयोग पर टिकी हैं।

आरक्षण और चुनाव का समन्वय

राज्य की 29 महानगरपालिकाओं में से चंद्रपुर और नागपुर महानगरपालिका में राजनीतिक आरक्षण 50 प्रतिशत से अधिक होने का मुद्दा सामने आया है। इस विषय पर राज्य सरकार और चुनाव आयोग के बीच मंथन हुआ है और माना जा रहा है कि सभी महानगरपालिकाओं में एक ही समय पर चुनाव कराए जाएंगे।

इसी बीच भूमिपूजन और लोकार्पण की होड़ शुरू हो गई है। रविवार को शहर में कुछ पूर्व नगरसेवकों ने अपने-अपने प्रभागों में सड़कों और अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। सोमवार को मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री लगभग 1,500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 10 से 11 बजे के बीच रखा गया है। इतनी सुबह कार्यक्रम तय किए जाने के कारण राजनीतिक हलकों में यह संभावना जताई जा रही है कि दोपहर या शाम तक चुनाव आयोग द्वारा महानगरपालिका चुनावों की घोषणा की जा सकती है।

सरकारी नौकरी की ओर बढ़े कदम, 20वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे PM मोदी

Weather Update: राजस्थान से मानसून की विदाई के संकेत, अंडमान समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

इंस्टाग्राम के जरिए देश को बांटने की साजिश, ISIS के 9 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट में सनसनीखेज खुलासा

DUSU Election 2026: डूसू चुनाव का मतदान संपन्न, 20 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद; आज होगी मतगणना

Rahul Gandhi Indore: आज छात्रों की गूंज में युवाओं से राहुल गांधी का सीधा संवाद, शिक्षा-रोजगार पर होगी बात