Disha Salian Case CBI FIR Registered: देश के बहुचर्चित दिशा सालियान डेथ केस में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कर ली है।
मुंबई उच्च न्यायालय द्वारा इस केस की जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंपे जाने के बाद केंद्रीय एजेंसी अब पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है।
सीबीआइ की इस एफआईआर में कई बड़े और हैरान करने वाले नाम शामिल हैं। दर्ज एफआईआर के अनुसार, इसमें शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, उनके साथी रोहन रॉय, बॉलीवुड अभिनेता दिनो मारिया और सूरज पांचोली के नाम दर्ज किए गए हैं।
इतना ही नहीं, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती का नाम भी इस एफआईआर सूची में शामिल है।
इस एफआईआर में सिर्फ राजनेता और फिल्मी हस्तियां ही नहीं, बल्कि कई पूर्व व वर्तमान पुलिस अधिकारी तथा चिकित्साकर्मी भी जांच के दायरे में आ गए हैं। इसमें पूर्व पुलिस अधिकारी सचिन वझे, पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह, और डीसीपी विशाल ठाकुर का नाम शामिल है।
इसके अलावा मालवणी पुलिस स्टेशन से जुड़े अधिकारियों और दिशा के पोस्टमार्टम प्रक्रिया में शामिल डॉक्टरों तथा नर्सों के नाम भी जांच सूची में दर्ज किए गए हैं।
यह एफआईआर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान द्वारा सीबीआइ के समक्ष अपना बयान दर्ज कराने के बाद दर्ज की गई है। उन्होंने दो दिन पहले सीबीआई के सामने अपना बयान दर्ज कराया था। सतीश सालियान ने मुंबई उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर मुंबई पुलिस पर तपाश में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था।
उन्होंने याचिका और अपने बयान में कहा कि जब जून 2020 में दिशा की मृत्यु हुई, तब महाराष्ट्र में आदित्य ठाकरे के पिता उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे। उनका आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे सहित अन्य लोगों ने मिलकर एक कारस्थान रचा और इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश की।
दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि दिशा सालियान की मौत के मामले को दबाने और साजिश को छिपाने के लिए सरकारी तंत्र का गलत इस्तेमाल किया गया। इसमें आरोप लगाया गया है कि जनता के पैसों और पुलिस व्यवस्था का दुरुपयोग आरोपियों को बचाने के लिए किया गया। साथ ही इस केस से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नष्ट करने और सच को दबाने जैसी गंभीर घटनाएं हुई हैं।
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की सेलिब्रिटी मैनेजर रहीं दिशा सालियान की जून 2020 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सीबीआइ अब दर्ज एफआईआर के आधार पर इस मामले के हर एक पहलू और एंगल की गहनता से जांच करेगी, ताकि सच सामने आ सके।