

चमोली के जोशीमठ में चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर क्रैश।
पायलट कैप्टन हिमांशु समेत छह लोगों की मौत, सभी शव बरामद।
खराब मौसम और बर्फबारी के बीच पुलिस, सेना, SDRF और ITBP का रेस्क्यू अभियान।
Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास चाई गांव के नजदीक पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार के मुताबिक, हादसे में सभी छह लोगों की मौत हो गई है और उनके शव बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की संयुक्त टीमें दुर्गम इलाके में रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। सभी शवों को घटनास्थल से सड़क मार्ग तक लाने का काम जारी है।
हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एचएस नागराजा के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सभी यात्री बेंगलुरु के रहने वाले थे।
यह हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का था। इसका कॉल साइन VT-HCX बताया गया है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया और उसका ट्रैकिंग सिस्टम भी लोकेशन दिखाना बंद कर गया।
हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों को खराब मौसम के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घटनास्थल के आसपास की पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी और बारिश की सूचना है। कम दृश्यता और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के चलते बचाव अभियान प्रभावित हुआ।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आशंका है कि हेलीकॉप्टर पहाड़ी चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि जोशीमठ के चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हादसे के बाद राज्य की नागरिक उड्डयन एजेंसी ने एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को ग्राउंडेड कर दिया है।