Maharashtra Top 10 News 4 November: महाराष्ट्र में आज प्रशासनिक और राजनीतिक मोर्चे पर कई बड़ी गतिविधियां देखने को मिलीं। राज्य सरकार ने जहां किसानों और छात्रों के लिए राहत भरे फैसलों का ऐलान किया है, वहीं सियासी गलियारों में बयानों का दौर जारी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि राज्यभर के लगभग 73 लाख किसानों के बैंक खातों में 5,000 रुपये की अग्रिम मदद भेज दी गई है और अगले दो दिनों में 95 फीसदी किसानों तक यह राहत पहुंच जाएगी। साथ ही किसान कर्जमाफी की चौथी लिस्ट भी जारी कर दी गई है। वहीं, महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक में 11 बड़े फैसले लिए गए, जिनमें वेटरनरी छात्रों का भत्ता दोगुना करने और ट्रैफिक चालानों पर 20% छूट जैसी राहत शामिल है। इसके अलावा शरद पवार अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं और राज ठाकरे ने MNS के दीपोत्सव को रद्द करने का ऐलान किया है। आइए जानते हैं महाराष्ट्र की आज की 10 बड़ी खबरें।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि राज्यभर के लगभग 73 लाख किसानों के बैंक खातों में अग्रिम मदद के तौर पर 5000 रुपए जमा कर दिए गए हैं। अगले दो दिनों के भीतर राज्य के करीब 95 प्रतिशत किसानों के बैंक खातों में 5,000 रुपये की राशि पहुंच जाएगी। साथ ही किसान कर्जमाफी की चौथी लिस्ट भी जारी की गई है।
महाराष्ट्र कैबिनेट ने आज 11 बड़े फैसले लिए हैं। वेटरनरी छात्रों की इंटर्नशिप बढ़ाने, छात्रों का निर्वाह भत्ता दोगुना और ट्रैफिक चालानों पर 20% छूट का फैसला किया गया है। छात्रावासों में रहने वाले अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), विमुक्त जाति, घुमंतू जनजातियों और विशेष पिछड़ा वर्ग के छात्रों को बड़ी राहत दी है।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में MNS द्वारा हर साल आयोजित किया जाने वाला भव्य दीपोत्सव इस साल नहीं मनाने का फैसला किया है। राज ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर इस बात की आधिकारिक घोषणा की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार को पुणे के रुबी अस्पताल से दो दिन बाद छुट्टी मिल गई। वे मुंबई स्थित अपने आवास सिल्वर ओक के लिए रवाना हुए। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी।
इस साल महाराष्ट्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए भाई दूज उपहार की 2000 रुपए की राशि दिवाली से पहले ही सीधे उनके बैंक खातों में जमा कर दी गई है। बाल विकास परियोजना अधिकारी भाऊसाहेब तोरकर ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इससे मुंबई की लगभग 10,200 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की दिवाली खुशहाल बनेगी।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी के भीतर ही 'तीन एकनाथ शिंदे' सक्रिय हैं। राउत के इस बयान के बाद महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
गोकुल के चुनाव में 13 सीटें जीतने के बावजूद सतेज पाटिल गुट के लिए अध्यक्ष पद हासिल करना मुश्किल होता नजर आ रहा है। महायुति सरकार ने गोकुल सहित तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक वार्षिक कारोबार वाली सहकारी संस्थाओं में चार सरकारी मनोनीत विशेषज्ञ संचालकों की नियुक्ति और उन्हें मतदान का अधिकार देने के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दे दी है। इससे गोकुल के अध्यक्ष पद का चुनावी गणित बदलने की संभावना है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता और विधायक रोहित पवार ने अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी की हार को लेकर देश की सत्ताधारी भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। रोहित पवार ने कहा कि अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के नतीजे इस बात का स्पष्ट संदेश देते हैं कि जब भी कोई शासक खुद को लोकतंत्र, संविधान और जनता से बड़ा समझने लगता है, तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से उसका पतन तय कर देती है।
ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (KDMC) की एक टीम ने कल्याण पूर्व के कोलशेवाड़ी इलाके में लगाए गए पटाखों के स्टॉलों के खिलाफ कार्रवाई की। जिसके बाद स्टॉल मालिकों के साथ-साथ BJP और MNS के पदाधिकारियों ने भी इस कार्रवाई का विरोध किया।विरोध जताने के लिए नाराज स्टॉल मालिकों ने अपनी शर्ट उतार दीं और KDMC के 'D' वार्ड कार्यालय परिसर में 'अर्धनग्न' होकर विरोध प्रदर्शन किया।
ठाणे जिले के कल्याण पश्चिम इलाके में पैसों के विवाद में गुस्से में अंधे हुए पति ने उबलते हुए मटन करी का बर्तन अपनी पत्नी और 5 साल के छोटे बेटे पर फेंक दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और आरोपी पति के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।