विधायक किशोर पाटील और मंगेश चव्हाण (सोर्स: डिजाइन फोटो)
जलगांव

जलगांव जिला बैंक चुनाव में महायुति की अंदरूनी लड़ाई आई सामने! किशोर पाटील ने मंगेश चव्हाण को घेरा

Jalgaon District Bank Election: जलगांव जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक चुनाव में महायुति के भीतर टकराव बढ़ा। विधायक किशोर पाटील ने मंगेश चव्हाण पर चुनाव अधिकारियों को प्रभावित करने का आरोप लगाया।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • जलगांव जिला बैंक चुनाव में महायुति के भीतर भाजपा और शिंदे गुट आमने-सामने।

  • विधायक किशोर पाटील ने मंगेश चव्हाण पर चुनाव अधिकारियों को प्रभावित करने के आरोप लगाए।

  • मामले की शिकायत CM फडणवीस, विधानसभा अध्यक्ष और सहकार आयुक्त से करने की चेतावनी।

Kishor Patil vs Mangesh Chavan Jalgaon DCC Bank Election: जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक (DCC Bank) के चुनाव ने महायुति के भीतर चल रही सियासी खींचतान को खुलकर सामने ला दिया है। उम्मीदवारों के नामांकन की वैधता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब भाजपा और शिंदे शिवसेना के दो विधायकों के बीच सीधे टकराव में बदल गया है।

शिंदे गुट के विधायक किशोर पाटील ने सोमवार को जलगाँव में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा विधायक मंगेश चव्हाण पर तीखा हमला बोलते हुए चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप और अधिकारियों पर दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि इस पूरे मामले को विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सहकार आयुक्त तक ले जाएंगे।

चुनाव अधिकारियों पर दबाव के आरोप

किशोर पाटील ने आरोप लगाया कि चुनाव आचार संहिता और नियम-कानून को ताक पर रखकर चुनाव निर्णय अधिकारियों पर कथित दबाव बनाया जा रहा है। यदि अधिकारियों पर दबाव डालकर वैध और अवैध नामांकन के फैसले प्रभावित करने की कोशिश हुई है, तो यह केवल जिला बैंक का चुनावी विवाद नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक और प्रशासनिक व्यवस्था की गंभीरता से जुड़ा मामला है।

उन्होंने चव्हाण की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए तंज कसा कि जिला बैंक की राजनीति में दूसरों को घेरने से पहले अपनी विधायकी और सदस्यता सुरक्षित रखने पर ध्यान देना चाहिए।

बेटे के बयान का भी किया समर्थन

इस विवाद में अपने बेटे के बयान पर उठे सवालों का जवाब देते हुए किशोर पाटील ने उसका खुलकर समर्थन किया। 'बाप तसा बेटा, खाण तशी माती' कहकर उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वाभिमान को ठेस पहुंचने पर जवाब देना गलत नहीं है। उन्होंने दूसरे पर उंगली उठाने वालों को पहले अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत भी दी।

मध्यस्थता की जरूरत नहीं, खुद लड़ेंगे लड़ाई

विधायक किशोर पाटील ने इस विवाद में किसी भी तरह की मध्यस्थता से भी इनकार किया। उनका कहना है कि उन्हें किसी की सलाह या हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है और वे अपना मामला खुद संभालने में सक्षम हैं। चुनाव प्रक्रिया में कथित हस्तक्षेप और अधिकारों के दुरुपयोग को लेकर वे संबंधित संवैधानिक और प्रशासनिक संस्थाओं के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे।

जलगांव जिला बैंक चुनाव के बहाने महायुति के भीतर सत्ता और वर्चस्व की खींचतान अब सार्वजनिक हो गई है। एक ओर गठबंधन के नेता एकजुटता का संदेश देते हैं, वहीं दूसरी ओर सहयोगी दलों के विधायक एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में सवाल यह है कि जिला बैंक की सत्ता की लड़ाई महायुति के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को किस हद तक प्रभावित करेगी।

- नवभारत लाइव के लिए जलगांव से वाहिद काकर की रिपोर्ट

Jama Masjid Police Attack: दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में चाकू से हमला, कई पुलिसकर्मी घायल; 3 की हालत गंभीर

बारिश थमी तो एक्शन में आए अनंत सिंह, बेटी की शादी के मैदान में उतरवाई JCB; आज हल्दी की रस्म

क्या NDA के सहयोगी बनेंगे शरद पवार? अंदरखाने चल रही बातचीत, महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े उलटफेर के संकेत

8 समझौते और 15,000 करोड़ रुपये का पैकेज... PM मोदी-बालेन शाह की मुलाकात में हुए बड़े फैसले

कजाकिस्तान से भारत लाया गया हत्या का आरोपी आशीष कुमार, इंटरपोल ने जारी किया था रेड नोटिस