कजाकिस्तान से भारत लाया गया हत्या का आरोपी आशीष कुमार, इंटरपोल ने जारी किया था रेड नोटिस

Ashish Kumar Deported: सीबीआई ने इंटरपोल और कजाखस्तान की मदद से हत्या के आरोपी आशीष कुमार को भारत वापस लाया है। रेड नोटिस के आधार पर डिपोर्ट किए गए आरोपी को हरियाणा पुलिस ने हिरासत में लिया।
breaking News
Breaking NewsSource. Navbharat Desk
Published on: 
Updated on: 

Ashish Kumar Deported: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और हरियाणा पुलिस के समन्वय से हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी आशीष कुमार को कजाकिस्तान से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। इंटरपोल के माध्यम से जारी रेड नोटिस के आधार पर आरोपी को कजाकिस्तान से डिपोर्ट किया गया। वह 23 नवंबर 2026 को नई दिल्ली पहुंचा, जहां हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया।

आशीष कुमार हरियाणा पुलिस द्वारा दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था। यह घटना नवंबर 2025 में एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। सीबीआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, समारोह में मृतक और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद जब मृतक समारोह स्थल से अपनी गाड़ी से जा रहा था, तब आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में उसकी गाड़ी को रोक लिया और उस पर बेरहमी से हमला किया। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौत हो गई थी।

हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर सितंबर 2026 में आरोपी के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद उसकी लोकेशन कजाकिस्तान के अल्माटी स्थित इमिग्रेशन विभाग में ट्रेस की गई। संबंधित एजेंसियों के समन्वय से उसे भारत वापस लाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

सीबीआई भारत में इंटरपोल के लिए राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (NCB) के रूप में काम करती है। वह देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ 'भारतपोल' के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग सुनिश्चित करती है। सीबीआई के मुताबिक, वर्ष 2019 से अब तक 300 से अधिक वांछित अपराधियों को इंटरपोल के माध्यम से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में अब तक 75 भगोड़े अपराधी शामिल हैं।

खबर अपडेट की जा रही है...