8 समझौते और 15,000 करोड़ रुपये का पैकेज... PM मोदी-बालेन शाह की मुलाकात में हुए बड़े फैसले

Balen Shah India Visit: पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की विकास सोच की सराहना करते हुए विनाशकारी बाढ़ से उबरने के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के सहयोग की घोषणा की।
pm modi balen shah meeting
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाली पीएम बालेन शाह(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • पीएम मोदी ने नेपाल के पीएम बालेन शाह की विकास सोच और दूरदृष्टि की सराहना की।

  • नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये की सहायता घोषित की गई।

  • बाढ़ में 1,500 से अधिक लोगों की मौत और 5,200 से ज्यादा लोग लापता हुए थे।

  • भारत और नेपाल के बीच आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए।

Narendra Modi-Balen Shah Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। पीएम पद संभालने के बाद बालेन शाह का यह पहला विदेश दौरा था। बैठक के दौरान भारत ने नेपाल में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और विकास के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये (करीब 15,000 करोड़ भारतीय रुपये) के सहायता पैकेज की घोषणा की। 

पीएम मोदी ने नेपाल के 35 वर्षीय प्रधानमंत्री बालेन शाह की विकास संबंधी सोच और दूरदृष्टि की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस साल नेपाली जनता ने बालेन शाह को जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह देश की युवा पीढ़ी की उम्मीदों, आकांक्षाओं और बदलाव की इच्छा को दर्शाता है। 

विनाशकारी बाढ़ में मारे गए थे 1,500 से अधिक लोग

नेपाल में बाढ़ के कारण हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह राशि बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने, प्रभावित समुदायों को फिर से बसाने और उन लोगों की मदद करने में उपयोगी होगी, जिन्होंने आपदा में अपने घर और रोजगार के साधन गंवा दिए हैं।

26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ में 1,500 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 5,200 से अधिक लोग लापता हो गए थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत लंबे समय से नेपाल को पेट्रोलियम उत्पादों और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति करता रहा है। 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति के तहत तेल आपूर्ति की चुनौतियों के बावजूद भारत ने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराना जारी रखा।

pm modi balen shah meeting
कौन है एशिया का बॉस? भारत-चीन के बीच कम हुआ पावर गैप, आर्थिक चुनौतियों के बावजूद PM मोदी का दमदार प्रदर्शन

नेपाल को 15,000 करोड़ रुपये देगा भारत

द्विपक्षीय वार्ता के बाद संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन शाह का स्वागत करते हुए कहा कि भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री की सोच और विजन की झलक कुछ महीने पहले संयुक्त राष्ट्र में उनके संबोधन के दौरान देखने को मिली थी। उस समय उन्होंने दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में संयुक्त राष्ट्र को संबोधित किया था।

पीएम मोदी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर बालेन शाह की स्पष्ट सोच और प्रतिबद्धता सामने आई। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल केवल पड़ोसी देश नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच विश्वास, मित्रता और मजबूत पारंपरिक रिश्ते हैं। दोनों देशों की चुनौतियां और आकांक्षाएं भी काफी हद तक समान हैं और मुश्किल परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ देना उनकी साझेदारी की विशेषता है।

8 अहम समझौतों पर हुए हस्ताक्षर 

भारत और नेपाल के बीच आठ समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें सिविल सेवा प्रशिक्षण, अंतरिक्ष अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा, शहरी विकास, आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा जैसे क्षेत्र शामिल हैं। दोनों प्रधानमंत्रियों ने कई कनेक्टिविटी और ऊर्जा परियोजनाओं का संयुक्त उद्घाटन किया, जबकि कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई।

भारत और नेपाल के बीच खुली सीमा है, जहां नागरिक बिना पासपोर्ट और वीजा के आवागमन कर सकते हैं। हालांकि, क्षेत्रीय विवादों और राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों के चलते समय-समय पर रिश्तों में तनाव भी देखने को मिला है। दूसरी ओर, चीन नेपाल में हवाई अड्डों, राजमार्गों और जलविद्युत परियोजनाओं में निवेश के जरिए अपना प्रभाव बढ़ा रहा है।

pm modi balen shah meeting
कौन है एशिया का बॉस? भारत-चीन के बीच कम हुआ पावर गैप, आर्थिक चुनौतियों के बावजूद PM मोदी का दमदार प्रदर्शन

बालेन शाह ने भारत के सहयोग की सराहना की

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत में मिले स्वागत और आतिथ्य के लिए आभार जताया। उन्होंने पीएम मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण भी दिया। शाह ने दोनों देशों के रिश्तों को बेहद गहरा बताते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच संबंधों को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना संभव नहीं है।

उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं और कठिन परिस्थितियों में भारत की ओर से मिलने वाली सहायता की सराहना की। बालेन शाह ने भारत सरकार और भारतीय जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दोनों देशों के बीच विश्वास, सहयोग और एकजुटता को महत्वपूर्ण बताया। -एजेंसी इनपुट के साथ