पुलिस कमिश्नर प्रवीण पवार और सीएमआईए के पदाधिकारीगण (फोटो नवभारत)
छत्रपति संभाजीनगर

छत्रपति संभाजीनगर में उद्योगों की सुरक्षा पर पुलिस का फोकस, CP प्रवीण पवार ने CMIA में व्यवस्था पर की चर्चा

Sambhajinagar Industry Security: छत्रपति संभाजीनगर में पुलिस और उद्यमियों के संवाद में साइबर ठगी, औद्योगिक चोरी, ट्रैफिक और सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा हुई। वालूज थाने की नई इमारत की प्रक्रिया पूरी हुई।

शफीउल्ला हुसैनी, आलोक उमाकृष्ण

Industry Security Police CMIA Meeting: छत्रपति संभाजीनगर में तेजी से बढ़ते उद्योग विस्तार के बीच उद्योगों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। शहर के सीपी प्रवीण पवार ने बुधवार को उद्यमियों के साथ सीधे संवाद में उद्योगों से जुड़े लंबित सुरक्षा मामलों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।

बजाज भवन स्थित सीएमआईए सभागार में आयोजित बैठक में साइबर ठगी, औद्योगिक चोरी, यातायात, मादक पदार्थों की समस्या, पुलिस बंदोबस्त और नागरिकों की शिकायतों सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रवीण पवार ने क्या कहा?

चेंबर ऑफ मराठवाड़ा इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर (सीएमआईए) और शहर पुलिस आयुक्तालय की ओर से आयोजित इस संवाद में प्रवीण पवार ने कहा कि समृद्धि महामार्ग, उपलब्ध औद्योगिक भूमि और बढ़ते निवेश के कारण छत्रपति संभाजीनगर के औद्योगिक विकास की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।

ऐसे में शहर में निवेश करने वाले उद्योगों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शहर को विकास के साथ रोजगार के अवसर भी चाहिए। इसके लिए सुरक्षा और विकास के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

वालूज थाने की नई इमारत की प्रक्रिया पूरी

औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के संबंध में सीपी प्रवीण पवार ने बताया कि वालूज पुलिस थाने की नई इमारत के लिए भूमि और निधि से संबंधित प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नई इमारत से औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी, पुलिस गश्त और सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दे पुलिस आयुक्त के सामने रखे। इन समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

साइबर ठगी रोकने उद्योग जगत की भागीदारी

बैठक में साइबर और आर्थिक ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर उद्यमियों ने चिंता जताई। इस पर पुलिस आयुक्त ने उद्योग क्षेत्र के वित्त और साइबर विशेषज्ञों को पुलिस के जन जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए पुलिस के साथ उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। कर्मचारियों और अधिकारियों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देकर ऐसे मामलों को काफी हद तक रोका जा सकता है।

यातायात और वाहनों की जांच पर जोर

बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था और वाहनों की जांच का मुद्दा भी सामने आया। पुलिस आयुक्त ने गणेशोत्सव के बाद वाहनों की जांच का नियोजन करने की जानकारी दी। साथ ही रुग्णवाहिकाओं के मानकों की जांच करने के निर्देश दिए जाने की बात कही।

सड़क निर्माण, यातायात व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में महानगरपालिका तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय करने की बात भी उन्होंने कही।

हेलमेट को लेकर कार्रवाई जारी

दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा का मुद्दा उठने पर सीपी प्रवीण पवार ने हेलमेट के उपयोग को लेकर चल रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हेलमेट के नियम का पालन सुनिश्चित किया गया। इसके बाद आम नागरिकों में भी नियमों के प्रति जागरूकता और पालन पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शहर में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में युवा दोपहिया वाहन चालक शामिल होते हैं। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ई-चालान सहित अन्य कार्रवाई लगातार जारी है।

पुलिस-उद्योग संवाद आगे भी जारी रहेगा

बैठक में सीएम आईए की ओर से रखे गए सभी मुद्दों को एकत्र कर पुलिस विभाग को आगे की कार्रवाई के लिए अलग से नोट देने का निर्णय लिया गया। सीपी प्रवीण पवार ने सीएमआईए के साथ इस तरह का संवाद आगे भी जारी रखने पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि अगली बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ आवश्यकता के अनुसार शहर के सभी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों को भी शामिल किया जा सकता है। इससे उद्योगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक सीधे पहुंचाने और उनके समाधान में तेजी लाने में मदद मिलेगी।

ये रहे मौजूद

छत्रपति संभाजीनगर में कार्यक्रम की शुरुआत सीएमआईए के मानद सचिव अजिंक्य सावे के स्वागत से हुई। इस अवसर पर यातायात के एसीपी सुभाष भुजंग, एसीपी सागर देशमुख, अपराध शाखा के पीआई गजानन देशमुख और वेदांतनगर थाने के पुलिस निरीक्षक पालवे सहित पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

सीएमआईए के उपाध्यक्ष मिहीर सौंदलगेकर, सीए सोहम कोटक, पूर्व अध्यक्ष गिरिधर संघनेरिया, सौरभ छल्लाणी, डॉ. विक्रांत भाले तथा उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और सेवा क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ऋषिकेश जाजू ने कार्यक्रम का संचालन किया।

संवाद के दौरान सीपी प्रवीण पवार ने कहा कि अनुभवी सहयोगियों से सीखना, दूसरों की सफलताओं और गलतियों से सीख लेना तथा परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेना महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस और उद्योग जगत के बीच नियमित संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।

Unique Diwali Ritual: नेपाल के कुकुर तिहार से थाईलैंड के तैरते दीयों तक, 7 देशों में दिवाली के अनोखे अंदाज

दिवाली की सुबह जम्मू से जापान तक कांपी धरती! जापान में 5.7 और कश्मीर के बारामूला में 3.3 तीव्रता का भूकंप

दिवाली पर कैसा रहेगा आपके इलाके का मौसम, जानें पूर्वी भारत से दक्षिणी भारत तक का Weather Update

दीपावली की पूर्व शाम दिल्ली की हवा पिछले 10 सालों में सबसे खराब! आतिशबाजी के बाद हालात और बिगड़ने के आसार

PM Modi Diwali Special: आज PM मोदी जवानों संग मनाएंगे दिवाली, ये रहेगा कार्यक्रम का शेड्यूल