

HIGHLIGHTS
मौसम विभाग ने बारिश को लेकर जारी किया अलर्ट
दक्षिण और पूर्वी भारत में बारिश होने की संभावना
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल आदि में बारिश होगी
बिहार-झारखंड और बंगाल में भी बारिश का अलर्ट
Diwali Rain Forecast: दिवाली पर मौसम कैसा रहेगा, इस बात की जानकारी मौसम विभाग ने पोस्ट के माध्यम से जारी की है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज 8 नवंबर को दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 नवंबर के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं दक्षिण भारत के केरल और माहे में 7 और 8 नवंबर को तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। हवा के झोंके 50 किमी. प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
दूसरी ओर, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर घाटी में 12 नवंबर को भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का सिलसिला 13 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर देखने को मिल सकता है।
दिवाली वाले दिन यानी 8 नवंबर को कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
पूर्वी भारत की बात करें तो कई हिस्सों में भी अगले सप्ताह बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड राज्य में 10 और 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। बिहार में 11 नवंबर को छिटपुट बारिश का अनुमान लगाया गया है।
गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 9 से 12 नवंबर तक मौसम बदल सकता है। सिक्किम और उप-हिमालयी बंगाल में 10 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। ओडिशा में 7 नवंबर और फिर 10 से 12 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी भारत में भी बारिश होने की संभावना है। असम और मेघालय में 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 और 11 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन राज्यों में 7 से 12 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।