छत्रपति संभाजीनगर के औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली कटौती से चिंता, CMIA ने ऊर्जा राज्यमंत्री को सौंपा मांगपत्र

Chhatrapati Sambhajinagar Power Infrastructure: बढ़ते औद्योगिक निवेश को देखते हुए CMIA ने ऑरिक, बिडकीन और चितेगांव में 132 KV उपकेंद्र की मांग की। बिजली कटौती और हरित ऊर्जा के मुद्दे भी उठाए।
Sambhajinagar Industries Seek 132 KV Power Substations
मेघना साकोरे बोर्डीकर को पत्र सौपते CMIA हुए (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Industries Seek 132 KV Power Substations: औद्योगिक निवेश के बढ़ते विस्तार के बीच छत्रपति संभाजीनगर और मराठवाड़ा में बिजली की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की मांग जोर पकड़ने लगी है।

चेंबर ऑफ मराठवाड़ा इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर (सीएमआईए) ने सोमवार को ऊर्जा राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर से मुलाकात कर उद्योगों से जुड़े बिजली और ऊर्जा ढांचे के विभिन्न मुद्दों का मांग पत्र सौंपा।

सीएमआईए ने ऑरिक, बिडकीन और चितेगांव में बढ़ते औद्योगिक विस्तार को देखते हुए समर्पित 132 केवी बिजली उपकेंद्र स्थापित करने की मांग की।

औद्योगिक क्षेत्रों में बार-बार बिजली गुल होने का मुद्दा

सीएमआईए ने कहा कि औद्योगिक निवेश को गति देने के लिए भरोसेमंद और निर्बाध बिजली आपूर्ति जरूरी है। ऑरिक, बिडकीन और चितेगांव क्षेत्र में उद्योगों की संख्या और बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इन क्षेत्रों में बिजली ढांचे को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए।

संगठन ने अलाना फीडर पर बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या का भी मुद्दा उठाया। साथ ही वालुज औद्योगिक क्षेत्र के अलावा तुर्काबाद खराड़ी, लिंबेजलगांव और आसपास के गैर-औद्योगिक विकास क्षेत्र में भी बार-बार बिजली बाधित होने की शिकायत दूर करने की मांग की।

शहर के लिए अलग 132 केवी उपकेंद्र की मांग

सीएमआईए ने छत्रपति संभाजीनगर शहर में अगले दो-तीन वर्षों के दौरान बढ़ने वाली आबादी और बिजली की मांग को देखते हुए स्वतंत्र 132 केवी उपकेंद्र स्थापित करने की आवश्यकता बताई। संगठन के अनुसार, शहर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक तथा व्यावसायिक विस्तार को देखते हुए अभी से बिजली ढांचे की क्षमता बढ़ाना जरूरी है।

हरित ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण को मिले प्रोत्साहन

मांगपत्र में हरित ऊर्जा तथा बैटरी आधारित ऊर्जा भंडारण प्रणालियों में पूंजी निवेश के लिए अनुदान देने की उचित व्यवस्था करने की मांग भी की गई। सीएमआईए ने मई 2026 में प्रस्तुत किए गए बिजली से संबंधित लंबित मुद्दों पर भी तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया।

इसके अलावा होटल और रेस्तरां क्षेत्र से संबंधित मांगों पर भी सकारात्मक विचार करने का अनुरोध किया गया।

Sambhajinagar Industries Seek 132 KV Power Substations
DJ Sound: महाराष्ट्र में DJ पर प्रशासन सख्त, तेज आवाज के खिलाफ क्यों हो रही कार्रवाई? ये है वजह

अधिकारियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

छत्रपति संभाजीनगर में हो रहे इस बैठक में सीएमआईए के मानद सचिव अजिंक्य सावे, सहसचिव सौरभ छल्लाणी और कार्यकारिणी सदस्य अनुज बंसल उपस्थित थे। ऊर्जा राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर ने संबंधित अधिकारियों को उठाए गए मुद्दों पर निश्चित समयसीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्योग क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद और बैठकें आयोजित करने का आश्वासन भी दिया।

Sambhajinagar Industries Seek 132 KV Power Substations
धुले में गांव-गांव पहुंचेगा सेवा चित्ररथ, आदिवासियों को मिलेगी योजनाओं की जानकारी और सुविधा

नवंबर में ऊर्जा सम्मेलन का निमंत्रण

इस अवसर पर चेंबर ऑफ मराठवाड़ा इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर की ओर से नवंबर 2026 में आयोजित होने वाले ऊर्जा सम्मेलन में ऊर्जा राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर को अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। उन्होंने निमंत्रण पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए सम्मेलन में उपस्थित रहने की सहमति जताई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com