खजूर रोल और रिबन पकौड़ा फोटो.सोशल मीडिया
खाना खजाना

Ribbon Pakoda Recipe: घर पर बनाएं खजूर रोल और क्रंची रिबन पकौड़ा, मीठा-नमकीन कॉम्बो गिफ्टिंग के लिए हैं बेस्ट

Diwali Special Recipe: दिवाली पर घर पर बनाएं ड्राई फ्रूट्स खजूर रोल और क्रंची रिबन पकौड़ा। मीठे-नमकीन की ये आसान रेसिपी मेहमानों को परोसने और फेस्टिव गिफ्टिंग के लिए बढ़िया है।

रीता राय सागर

Highlights:

  • दिवाली पर घर में बनाएं ड्राई फ्रूट्स खजूर रोल और क्रंची रिबन पकौड़ा।

  • खजूर रोल में शुगर की जरूर नहीं पड़ती, जबकि रिबन पकौड़ा चाय के साथ कुरकुरा स्नैक है।

  • मेहमानों के लिए दोनों को अलग-अलग पैक करके तैयार करें, मीठा-नमकीन फेस्टिव गिफ्ट बॉक्स।

Dry Fruit Khajoor Roll Recipe: दिवाली पर मेहमानों को कुछ घर का बना खिलाना हो या दोस्तों और रिश्तेदारों के लिए खास फूड गिफ्ट तैयार करना हो, तो मिठाई के साथ नमकीन का कॉम्बिनेशन अच्छा रहता है।

इस बार बाजार से मिठाई और नमकीन खरीदने के बजाय घर पर बनाएं ड्राई फ्रूट्स खजूर रोल और क्रंची रिबन पकौड़ा।

ड्राई फ्रूट्स खजूर रोल

सामग्री

  • 1 कप बीज निकले हुए खजूर

  • ½ कप बादाम

  • ½ कप काजू

  • ¼ कप पिस्ता

  • 1 छोटा चम्मच घी

  • ¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर

  • 2 बड़े चम्मच सूखा नारियल

बनाने का तरीका

ड्राई फ्रूट्स भूनें

एक कड़ाही में बादाम, काजू और पिस्ता को धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक हल्का भून लें। ठंडा होने पर इन्हें छोटे टुकड़ों में काट लें। चाहें तो थोड़े पिस्ते सजावट के लिए अलग रख सकती हैं।

खजूर नरम करें

कड़ाही में घी गर्म करें और बीज निकले खजूर डालें। धीमी आंच पर 3-5 मिनट तक चलाते हुए पकाएं, जब तक वे नरम होकर आपस में मिलने न लगें। अगर खजूर सख्त हैं, तो पहले उन्हें थोड़ी देर गर्म पानी में भिगोकर अच्छी तरह छान लें।

मिश्रण तैयार करें

अब सॉफ्ट खजूर में कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर मिलाएं। धीमी आंच पर अच्छी तरह चलाएं, फिर गैस बंद कर दें। मिश्रण को इतना ठंडा होने दें कि उसे हाथ से संभाला जा सके।

खजूर रोल

रोल बनाकर सेट करें

मिश्रण को हाथों से लंबा बेलनाकार आकार दें। चाहें तो बाहर से सूखा नारियल या बारीक कटे पिस्ते लपेट दें। इसे 20-30 मिनट के लिए फ्रिज में रखें।

काटकर परोसें

रोल सेट होने के बाद चाकू से गोल टुकड़े काट लें। इन्हें मिठाई की प्लेट में सजाएं या छोटे फूड-ग्रेड बॉक्स में पैक करें।

क्रंची रिबन पकौड़ा

दक्षिण भारत में रिबन मुरुक्कू के नाम से पहचाना जाने वाला यह कुरकुरा दिवाली स्नैक बाकी नमकीन से अलग बनती है। इसे चाय के साथ परोस सकते हैं या खजूर रोल के साथ एक मीठा-नमकीन गिफ्ट बॉक्स तैयार कर सकते हैं।

सामग्री

  • 1 कप चावल का आटा

  • ½ कप बेसन

  • 1 बड़ा चम्मच मक्खन या गर्म तेल

  • ½ छोटा चम्मच अजवाइन

  • ½ छोटा चम्मच तिल

  • ¼ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

  • स्वादानुसार नमक

  • जरूरत के अनुसार पानी

  • तलने के लिए तेल

बनाने का तरीका

आटा तैयार करें

एक बड़े बर्तन में चावल का आटा, बेसन, अजवाइन, तिल, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर मिलाएं। इसमें मक्खन या गर्म तेल डालें और हाथों से अच्छी तरह मिलाएं, ताकि आटा का मिक्स भुरभुरा हो जाए।

नरम आटा गूंधें

थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा तैयार करें। आटा न बहुत सख्त हो और न ही इतना सॉफ्ट कि आकार न बने। इसे ढककर 5-10 मिनट के लिए रख दें।

रिबन का शेप दें

रिबन पकौड़ा बनाने वाले प्रेस या सेव मेकर में चौड़ी, चपटी धार वाली प्लेट लगाएं। आटे का एक हिस्सा भरें और तैयार रखें। अगर प्रेस उपलब्ध न हो, तो इस खास आकार को बनाने के लिए चौड़ी स्लॉट वाली प्लेट का इस्तेमाल करें।

रिबन पकौड़ा

गर्म तेल में तलें

कड़ाही में तेल गर्म करें। आटे को प्रेस से सीधे तेल में रिबन जैसी धारियों में डालें। मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। एक बार में बहुत ज्यादा पकौड़े न डालें, ताकि वे आपस में चिपकें नहीं।

ठंडा करके स्टोर करें

रिबन पकौड़े निकालकर टिश्यू या जाली पर रखें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। पूरी तरह ठंडा होने पर एयरटाइट डिब्बे में भरें।

मीठा-नमकीन कॉम्बो गिफ्टिंग के लिए कैसे तैयार करें?

दिवाली पर खजूर रोल और रिबन पकौड़े को अलग-अलग खानों वाले फूड-ग्रेड बॉक्स में पैक कर सकती हैं। खजूर रोल को पेपर कप में रखें, ताकि वे एक-दूसरे से चिपकें नहीं, और रिबन पकौड़े को अलग हिस्से में भरें। चाहें तो बॉक्स के साथ छोटा दिवाली ग्रीटिंग कार्ड भी लगा सकती हैं।

PM मोदी ने 'डियर फ्रेंड' लूला को ब्राजील का राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर दी बधाई, बोले- और मजबूत होंगे रिश्ते

जामिया छात्र संघ चुनाव पर छात्रों का अल्टीमेटम, कॉलेज प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप, सामने रखीं 4 मांगें

राहुल गांधी के काफिले में हादसे की जांच के लिए SIT गठित, IG किरण एस. को मिली कमान

संजय राउत ने अमित शाह को लिखा पत्र, मनोज जरांगे-एकनाथ शिंदे 500 करोड़ डील विवाद पर ED जांच की मांग

राहुल गांधी मानहानि केस में बरी, सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट ने खारिज किया मामला, अमित शाह पर की थी टिप्पणी