Diwali Snacks Recipe: घर पर बनाएं बाजार जैसा कुरकुरा पोहा चिवड़ा, जानें लंबे समय तक क्रिस्पी रखने के टिप्स

Crispy Chivda Recipe: घर पर कुरकुरा चिवड़ा बनाने के लिए जानें सही पोहा चुनने, भूनने, मसाले और एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करने का तरीका। इन आसान टिप्स से चिवड़े की कुरकुराहट बनाए रखने में मदद मिलेगी।
Crispy poha chivda recipe diwali snacks.
चिवड़ा रेसिपीफोटो.सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दिवाली पर घर में बनाएं बाजार जैसा कुरकुरा पोहा चिवड़ा, जानें पतला पोहा चुनने का सही तरीका।

  • मूंगफली, करी पत्ता और मसालों से बढ़ाएं स्वाद, पोहे को भूनते समय इन बातों का रखें ध्यान।

  • चिवड़े को नरम होने से बचाने के लिए अपनाएं ठंडा करने और एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करने के आसान टिप्स।

Crispy Poha Chivda Recipe: दिवाली पर घर में मेहमान आएं या शाम को चाय के साथ कुछ चटपटा खाने का मन हो, तो पोहे से बना चिवड़ा एक अच्छा स्नैक है। इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती और आप इसमें अपनी चॉइस के मसाले भी मिला सकती हैं।

हालांकि, घर पर चिवड़ा बनाते समय अक्सर पोहा नरम रह जाता है या कुछ देर बाद उसकी कुरकुराहट कम हो जाती है। सही पोहा चुनने से लेकर उसे भूनने और स्टोर करने तक, कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप भी घर पर ही कुरकुरा नमकीन बना सकती हैं।

पोहा चिवड़ा बनाने के लिए सामग्री

  • 3 कप पतला पोहा

  • आधा कप मूंगफली

  • 2 बड़े चम्मच भुना चना

  • 10-12 करी पत्ते

  • 2-3 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई

  • आधा छोटा चम्मच हल्दी

  • आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

  • आधा छोटा चम्मच चीनी

  • स्वादानुसार नमक

  • 1-2 बड़े चम्मच तेल

पतला पोहा लें या मोटा?

दीवाली स्नैक के लिए चिवड़ा बनाने के लिए पतला पोहा अच्छा विकल्प है, क्योंकि यह बहुत जल्दी क्रिस्पी हो जाता है। मोटे पोहे से भी चिवड़ा बनाया जा सकता है, लेकिन उसे कुरकुरा करने में समय अधिक लगता है। पोहा खरीदते समय ध्यान दें कि उसमें नमी न हो और वह बहुत ज्यादा टूटा हुआ न हो।

पोहे को सही तरीके से भूनें

एक भारी तले की कड़ाही गर्म करें और धीमी से मध्यम आंच पर पोहे को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में सूखा भूनें। लगातार हल्के हाथ से चलाते रहें, ताकि पोहा जले नहीं। जब पोहा हल्का कुरकुरा महसूस होने लगे, तो उसे एक बड़ी प्लेट में निकाल लें। ध्यान रखें कि गर्म पोहा ठंडा होने पर और कुरकुरा हो सकता है, इसलिए उसे बहुत ज्यादा न भूनें।

मूंगफली और करी पत्ते का तड़का

कड़ाही में तेल गर्म करें और कच्ची मूंगफली को अच्छी तरह भून लें। इसके बाद भुना चना, करी पत्ता और हरी मिर्च डालें। हरी मिर्च डाल रही हैं, तो उसकी नमी निकलने तक अच्छी तरह पकाएं। अब आंच धीमी करके हल्दी डालें और तुरंत भुना हुआ पोहा मिला दें।

मसाले कब डालें?

पोहा मिलाने के बाद नमक, लाल मिर्च पाउडर और चाहें तो थोड़ी चीनी डालें। सभी चीजों को हल्के हाथ से मिलाएं, ताकि पोहा टूटे नहीं। मसालों को बहुत तेज आंच पर न भूनें। इससे स्वाद में कड़वाहट आ सकती है। गैस बंद करने के बाद चिवड़ा कुछ देर कड़ाही में ही रहने दें, फिर उसे प्लेट में फैलाकर पूरी तरह ठंडा करें।

चिवड़ा लंबे समय तक क्रिस्पी रखने के 4 टिप्स

  • पोहा अच्छी तरह भुना होना चाहिए। अगर उसमें नमी रह गई, तो चिवड़ा बहुत जल्दी नरम हो सकता है।

  • गरम चिवड़ा को कंटेनर में न रखें। भाप से डिब्बे के अंदर नमी जमा होती है। इसलिए चिवड़ा पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही स्टोर करें।

  • चिवड़े को सूखे, साफ और एयरटाइट कंटेनर जार में रखें। हर बार निकालने के लिए सूखा चम्मच इस्तेमाल करें।

  • नींबू का रस, प्याज या गीली चटनी चिवड़े को जल्दी नरम कर सकती है। इन्हें चिवड़े में स्टोर करने के बजाय खाते समय अलग से डालें।

Navbharat Live
navbharatlive.com