Highlights
'मिर्जापुर: द मूवी' का एक्सक्लूसिव ग्लोबल प्रीमियर प्राइम वीडियो पर हो गया है।
अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी सीजन 1 के दौर में लौटती है, जहां सत्ता और दुश्मनी की जंग देखने को मिलेगी।
Mirzapur The Movie OTT Release: ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाली 'मिर्जापुर' फ्रेंचाइजी एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट आई है। इस बार कहानी वेब सीरीज से आगे बढ़कर फिल्म के रूप में दर्शकों का मनोरंजन कर रही है। 'मिर्जापुर: द मूवी' का एक्सक्लूसिव ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्रीमियर प्राइम वीडियो पर हो गया है। फिल्म भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम हो रही है। ऐसे में फैंस एक बार फिर पूर्वांचल की सत्ता, दुश्मनी और गैंगवार की दुनिया में पहुंचने वाले हैं।
'मिर्जापुर: द मूवी' में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इनके अलावा रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, श्वेता त्रिपाठी शर्मा और सोनल चौहान समेत कई कलाकार अहम किरदारों में दिखाई देंगे। फिल्म में पुराने चेहरों के साथ कहानी को नए अंदाज में पेश किया गया है, जिससे फ्रेंचाइजी के प्रशंसकों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है।
'मिर्जापुर: द मूवी' की कहानी दर्शकों को 'मिर्जापुर' के पहले सीजन के दौर में लेकर जाती है। इसमें एक बार फिर सत्ता की लड़ाई, दुश्मनी और गद्दी हासिल करने की जंग देखने को मिलेगी। इस बार कहानी का दायरा पूर्वांचल से लेकर रेगिस्तान तक फैला हुआ है। फिल्म में दर्शकों को कई पुराने और लोकप्रिय किरदारों के साथ मिर्जापुर की दुनिया का एक नया अंदाज देखने को मिलेगा।
'मिर्जापुर: द मूवी' का एक्सटेंडेड कट भी दर्शकों के लिए खास है। इसके जरिए फैंस को कुछ ऐसे सीन देखने को मिलेंगे, जो पहले सामने नहीं आए थे। इससे कहानी और किरदारों को करीब से समझने का मौका मिलेगा। फिल्म को पुनीत कृष्णा ने लिखा है और गुरमीत सिंह ने इसका निर्देशन किया है। वहीं, रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया है। अमेजन MGM स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म एक बार फिर मिर्जापुर के भौकाल को दर्शकों के सामने लेकर आई है।