Bigg Boss 20 Weekend Ka War: रियलिटी शो बिग बॉस का 20वां सीजन शुरू होते ही दर्शकों के बीच काफी पॉपुलर हो चुका है। शो के टेलीकास्ट के बाद से ही घर के अंदर नए समीकरण और मुकाबला देखने को मिल रहा है। हाल ही में प्रसारित हुए पहले वीकएंड का वार एपिसोड में होस्ट सलमान खान ने घरवालों से पूरे हफ्ते का हिसाब-किताब लिया। इस दौरान तीखी बहसों के बीच कुछ ऐसे पल भी आए जिन्होंने पूरे माहौल को काफी हल्का और मनोरंजक बना दिया।
वीकएंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने प्रतिभागियों से घर के अंदर की बॉन्डिंग पर बातचीत की। इसी दौरान सलमान ने माहौल को खुशनुमा बनाने के लिए अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और माही विज को एक दिलचस्प टास्क सौंपा। सलमान ने दोनों एक्ट्रेसेस से कनिका मान बनकर आपस में बातचीत करने को कहा। टास्क मिलते ही आम्रपाली और माही विज ने जिस तरह से कनिका मान की मिमिक्री की, वह देखकर स्टेज पर मौजूद सलमान खान भी ठहाके लगाकर हंसने को मजबूर हो गए।
शो का यह मजेदार वीडियो क्लिप अब ओटीटी प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जियो हॉटस्टार पर शेयर किए गए इस वीडियो को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। आम्रपाली दुबे के चेहरे के हाव-भाव और डायलॉग डिलीवरी की नेटिजंस जमकर सराहना कर रहे हैं। कमेंट सेक्शन में यूजर्स जहां आम्रपाली दुबे और माही विज की एक्टिंग की सराहना कर रहे हैं, वहीं कनिका मान के फैंस भी अपनी पसंदीदा एक्ट्रेस का सपोर्ट करते नजर आ रहे हैं।
मनोरंजन के इन पलों के बीच घर से बेघर होने का खतरा भी मंडरा रहा है। पहले हफ्ते में कुल 4 प्रतिभागियों को नॉमिनेट किया गया है, जिनमें कनिका मान, उदिति सिंह, लव सिंह और अरशिफा खान का नाम शामिल है। रविवार के एपिसोड में इनमें से किसी एक सदस्य की शो से विदाई हो सकती है। टीवी पर यह शो कलर्स चैनल और डिजिटल प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर टेलिकास्ट किया जा रहा है, जिसमें कुल 16 प्रतिभागी ट्रॉफी के लिए आपस में मुकाबला कर रहे हैं।