ईरान जंग के बीच भी नहीं रुकी हथियारों की सप्लाई: जेलेंस्की का बड़ा दावा, रूस को हो रहा अरबों का नुकसान
Zelenskyy Claim US Weapon: यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया है कि ईरान जंग के बावजूद अमेरिका से हथियारों की आपूर्ति जारी है। यूक्रेन के हमलों से रूसी तेल उत्पादन को अरबों का नुकसान हुआ है।
- Written By: अमन उपाध्याय
वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की, फोटो (सो. सोशल मिडिया)
Zelenskyy Claim US Weapon Supply Ukraine Russia War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी भीषण युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक बड़ा बयान देकर वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी है। जेलेंस्की ने दावा किया है कि पश्चिम एशिया में ईरान के साथ जारी संघर्ष के बावजूद अमेरिका की ओर से यूक्रेन को हथियारों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर में यह आशंका जताई जा रही थी कि अमेरिका का ध्यान ईरान संकट की ओर मुड़ने से यूक्रेन की सैन्य मदद प्रभावित हो सकती है।
रूस के आर्थिक ढांचे पर यूक्रेन का बड़ा प्रहार
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पत्रकारों को भेजे गए एक वॉइस मैसेज के जरिए बताया कि यूक्रेन अब रूस के उन हिस्सों को निशाना बना रहा है जो उसके लिए आर्थिक रूप से सबसे अधिक संवेदनशील हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूक्रेन की सेना रूसी तेल उत्पादन केंद्रों और मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स को लगातार निशाना बना रही है।
सम्बंधित ख़बरें
पाकिस्तान में कांगो वायरस का खौफ: कराची में 17 साल के किशोर की मौत से मचा हड़कंप, ईद से पहले बढ़ी चिंता
कोई हिचक नहीं, देखते ही गोली मार दो: होर्मुज में माइन बिछाने वालों पर ट्रंप का सख्त रुख, फिर बढ़ा तनाव
ट्रंप के ‘नर्क’ वाले वीडियो पर अमेरिका की सफाई: भारत को बताया ‘महान देश’, जानें विदेश मंत्रालय ने और क्या कहा
14 निकले, 14 बाकी! होर्मुज में फंसे भारतीय जहाजों पर विदेश मंत्रालय का बड़ा अपडेट, जानें क्या है स्थिति
जेलेंस्की के मुताबिक, इन सटीक हमलों के कारण रूस को अब तक अरबों डॉलर का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन रूसी अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि यूक्रेन ने सीमा से 1,000 किलोमीटर (600 मील) से भी अधिक दूरी पर स्थित बुनियादी ढांचों पर हमले किए हैं।
अमेरिकी रक्षा प्रणालियों का मेल
यूक्रेन की रक्षा रणनीति अब दोहरे स्तर पर काम कर रही है। एक ओर जहां वह रूसी हमलों को नाकाम करने के लिए अमेरिका में बनी अत्याधुनिक ‘पैट्रियट’ हवाई रक्षा प्रणालियों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर रूसी क्षेत्रों में अंदर तक मार करने के लिए अपने देश में विकसित ड्रोन और मिसाइल तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। हाल ही में रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उनकी वायु रक्षा प्रणालियों ने क्रीमिया प्रायद्वीप और आज़ोव सागर के ऊपर करीब 154 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया है।
निप्रो और तुआपसे में भारी तबाही
युद्ध की आग अब यूक्रेन के शहरों के साथ-साथ रूसी बंदरगाहों तक भी फैल चुकी है। हाल ही में रूस द्वारा किए गए एक मिसाइल हमले में यूक्रेन के निप्रो शहर में एक 13 मंजिला आवासीय इमारत और एक प्रशासनिक भवन मलबे में तब्दील हो गया, जिसमें 3 लोगों की मौत हुई और 10 अन्य घायल हो गए।
इसके जवाब में यूक्रेन के ड्रोन हमले ने रूस के काला सागर तट पर स्थित तुआपसे बंदरगाह को दहला दिया। यहां भीषण आग लग गई है, जिसे बुझाने के लिए 276 दमकलकर्मी पिछले तीन दिनों से संघर्ष कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- पाकिस्तान में कांगो वायरस का खौफ: कराची में 17 साल के किशोर की मौत से मचा हड़कंप, ईद से पहले बढ़ी चिंता
भविष्य की राह और जेलेंस्की का संकल्प
वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कड़े शब्दों में कहा कि रूसी सेना रुकने का नाम नहीं ले रही है और वे यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र और आम नागरिकों को जानबूझकर निशाना बना रहे हैं। उन्होंने संकल्प दोहराया कि यूक्रेन इन हमलों का करारा जवाब देगा और अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए विदेशी सहयोग और स्वदेशी संसाधनों का उपयोग जारी रखेगा। ईरान जंग और वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता के बीच जेलेंस्की का यह दावा अमेरिका और यूक्रेन के अटूट सैन्य संबंधों को दर्शाता है।
