यूक्रेन के ओडेसा में रूसी ड्रोन का कहर, मलबे में तब्दील हुई रिहायशी इमारतें; जेलेंस्की की बढ़ी टेंशन

Russia Ukraine War Odesa Attack: ओडेसा में रूसी ड्रोन हमले में एक मासूम और दो महिलाओं की मौत के बाद युद्ध और तेज हो गया है। जवाब में यूक्रेन ने रूस के रणनीतिक तेल पोर्ट पर भीषण ड्रोन हमला किया है।
Russian Drone Havoc in Ukraine's Odesa: Residential Buildings Reduced to Rubble; Zelenskyy's Tensions Mount
यूक्रेन के ओडेसा में रूस का हमला, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Russia Ukraine War Odesa Drone Strike: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा संघर्ष अब एक बेहद घातक मोड़ पर पहुंच गया है। सोमवार को यूक्रेन के दक्षिणी बंदरगाह शहर ओडेसा पर रूस द्वारा किए गए भीषण ड्रोन हमले में दो महिलाओं और एक 2 साल के मासूम बच्चे की जान चली गई है।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, रात के समय हुए इस हमले ने एक रिहायशी अपार्टमेंट ब्लॉक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव दल रात भर काम करते रहे और चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ओडेसा में मची चीख-पुकार

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि इस हमले में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक गर्भवती महिला और दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें से एक की उम्र एक साल से भी कम है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, पिछले चार वर्षों में रूस के आक्रमण के कारण यूक्रेन में अब तक 15,000 से अधिक नागरिकों की मौत हो चुकी है।

यूक्रेन का रूसी 'तेल खजाने' पर कड़ा प्रहार

ओडेसा पर हुए हमले के जवाब में यूक्रेन ने अपनी लंबी दूरी की मारक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए रूस के नोवोरोसिस्क (Novorossiisk) पोर्ट को निशाना बनाया। यह पोर्ट रूस के तेल निर्यात के लिए रीढ़ की हड्डी माना जाता है। अपुष्ट मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यूक्रेनी ड्रोनों ने वहां स्थित शेशखारिस तेल टर्मिनल को लक्ष्य बनाया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उनके एयर डिफेंस ने रात भर में 50 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया लेकिन नोवोरोसिस्क के गवर्नर के अनुसार, इन हमलों में आठ लोग घायल हुए हैं और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर रूसी हमला

रूस ने न केवल नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया है बल्कि वह यूक्रेन के पावर ग्रिड को भी ध्वस्त करने की कोशिश कर रहा है। जेलेंस्की के अनुसार, हालिया बमबारी ने चेर्निहाइव, सुमी, खार्किव और निप्रो क्षेत्रों में ऊर्जा बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है। अकेले उत्तरी चेर्निहाइव क्षेत्र में वितरण सुविधाएं क्षतिग्रस्त होने के कारण 3,00,000 से अधिक घर अंधेरे में डूब गए हैं।

यूक्रेन में हथियारों की कमी

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने विश्व समुदाय से अपील की है कि वे यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली (Air Defense) को मजबूत करने में मदद करें। उन्होंने चिंता जताई कि मध्य पूर्व  में जारी संघर्ष के कारण पैट्रियट (Patriot) जैसे महत्वपूर्ण हथियारों का भंडार कम हो रहा है। जिसकी यूक्रेन को अपनी रक्षा के लिए सख्त जरूरत है।

पिछले एक हफ्ते में रूस ने यूक्रेन पर 2,800 से अधिक ड्रोन, 1,350 शक्तिशाली ग्लाइड बम और 40 से अधिक मिसाइलें दागी हैं। यूक्रेन अब अपने स्वयं के लंबी दूरी के ड्रोन विकसित कर रहा है जो रूस के भीतर 1,500 किलोमीटर तक वार करने में सक्षम हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com