

Shehbaz Sharif Blames India Islamabad Car Blast: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में मंगलवार दोपहर जिला अदालत के पास हुए आत्मघाती धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई और 36 घायल हुए। इसी बीच आतंकी हमले के बौखलाए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इसके पीछे भारत के हाथ होने की बात कही है। उन्होंने दावा किया कि, यह धमाका और अफगान सीमा के नजदीक कैडेट कॉलेज पर हुआ हमला, दोनों ही भारत द्वारा प्रायोजित आतंकवादी घटनाएं हैं।
स्थानीय समयानुसार यह विस्फोट करीब दोपहर 1 बजे हुआ, जिसकी आवाज पुलिस लाइन्स हेडक्वार्टर तक सुनाई दी और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके के तुरंत बाद रेस्क्यू टीमें और सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंचे, इलाके को घेर लिया गया और जांच शुरू कर दी गई। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, यह एक सुसाइड अटैक था। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर का सिर घटनास्थल पर मिला, जिससे आत्मघाती हमले की पुष्टि हुई।
शहबाज शरीफ ने कहा, हम बेगुनाह पाकिस्तानियों का खून व्यर्थ नहीं जाने देंगे। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई आखिरी सांस तक जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है जब दुनिया भारत की इन करतूतों की निंदा करे, क्योंकि भारत का असली चेहरा अब पूरी दुनिया के सामने उजागर हो चुका है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा हमला बताया। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान अब युद्ध जैसी स्थिति में है। आसिफ ने अफगान सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि अब यह लड़ाई सीमा तक सीमित नहीं रही, बल्कि देशभर में फैल चुकी है। उन्होंने कहा कि सेना हर कीमत पर देश की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी और किसी भी आतंकवादी हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आसिफ ने तालिबान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि आतंकवाद एक बार फिर शहरी इलाकों में सिर उठा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जब हमारे अपने शहर जल रहे हों, तो काबुल की सरकार से बातचीत का कोई मतलब नहीं रह जाता।
वहीं, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।