'नॉर्थ कोरिया को छेड़ा तो...'रूस ने अमेरिका-जापान सहित इस देश को दी खौफनाक धमकी

Kim Jong Un Russia support: रूस ने उत्तर कोरिया के खिलाफ अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया के सैन्य गठबंधन को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। वोनसान में किम जोंग उन से मुलाकात करते हुए रूसी विदेश मंत्री...
'नॉर्थ कोरिया को छेड़ा तो...'रूस ने अमेरिका-जापान सहित इस देश को दी खौफनाक धमकी
रूस ने अमेरिका-जापान सहित इस देश को दी चेतावनी, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

प्योंगयांग: रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अमेरिका, जापान और साउथ कोरिया को नॉर्थ कोरिया के खिलाफ सैन्य गठबंधन बनाने को लेकर सख्त चेतावनी दी है। शनिवार को नॉर्थ कोरिया के वोनसान शहर में किम जोंग उन से मुलाकात के दौरान लावरोव ने यह बयान दिया। इस बैठक में रूस और नॉर्थ कोरिया के बीच सैन्य और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।

लावरोव ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का संदेश किम जोंग उन तक पहुंचाया, जिस पर किम ने आश्वस्त किया कि उनका देश यूक्रेन युद्ध में रूस का हर मोर्चे पर बिना शर्त समर्थन करता रहेगा।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करने का आह्वान

उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के अनुसार, किम जोंग उन ने कहा है कि प्योंगयांग और मॉस्को के बीच सभी अहम रणनीतिक मुद्दों पर समान दृष्टिकोण है, जो उनके रिश्तों को गठबंधन जैसी मजबूती देता है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दोनों देशों से रणनीतिक और सामरिक सहयोग को और गहरा करने और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि बीते कुछ वर्षों में रूस और उत्तर कोरिया के संबंध काफी मजबूत हुए हैं।उत्तर कोरिया, यूक्रेन युद्ध में रूस को सैनिकों और हथियारों की आपूर्ति कर रहा है, जबकि इसके बदले में रूस उसे सैन्य और आर्थिक सहायता दे रहा है। इस बढ़ती नजदीकी से अमेरिका, दक्षिण कोरिया और अन्य देश गंभीर चिंता में हैं।

रूस, उत्तर कोरिया को दे सकता है घातक तकनीक

साउथ कोरिया, अमेरिका और जापान को आशंका है कि रूस, उत्तर कोरिया को ऐसी तकनीक मुहैया करा सकता है जिससे उसका परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम पहले से कहीं ज्यादा घातक हो सकता है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने उत्तर कोरिया की विदेश मंत्री चोई सन हुई से मुलाकात के बाद कहा कि अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान उत्तर कोरिया की सीमाओं के आसपास अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहे हैं।

हम उन्हें सख्त चेतावनी देते हैं कि वे अपने रिश्तों का उपयोग किसी देश, खासकर उत्तर कोरिया और रूस के खिलाफ सैन्य गठबंधन बनाने में न करें। उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम के जवाब में अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया ने हाल के महीनों में अपने साझा सैन्य अभ्यासों में इजाफा किया है।

सैन्य अभ्यास मतलब हमले की तैयारी

यह बैठक वोनसान में हुई, जहां उत्तर कोरिया ने हाल ही में एक भव्य बीच रिसॉर्ट खोला है, जिसमें एक साथ 20,000 लोग ठहर सकते हैं।शुक्रवार को अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया ने कोरियाई प्रायद्वीप के पास एक साझा हवाई युद्धाभ्यास किया, जिसमें अमेरिका के परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम लड़ाकू विमान भी शामिल थे। उत्तर कोरिया इन सैन्य अभ्यासों को हमले की तैयारी मानता है और उसका कहना है कि ऐसे खतरों से बचाव के लिए उसे परमाणु हथियार विकसित करने पड़ रहे हैं। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि उत्तर कोरिया द्वारा परमाणु हथियार विकसित करने का निर्णय समझा जा सकता है और ये तकनीक पूरी तरह उनके वैज्ञानिकों की देन है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com