रूसी अटैक से दहला कीव, यूक्रेन पर 3 साल का सबसे बड़ा ड्रोन हमला; ध्वस्त हुए कई ठिकाने

रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार, इस हमले में कुल 273 ड्रोन लॉन्च किए गए, जिनमें से कई को मार गिराया गया है।
रूसी अटैक से दहला कीव, यूक्रेन पर 3 साल का सबसे बड़ा ड्रोन हमला; ध्वस्त हुए कई ठिकाने
रूसी अटैक से दहला कीव, रूसी अटैक से दहला कीव,
Published on
Updated on

कीव: शुक्रवार और शनिवार की रात को रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया। इस हमले में कम से कम एक महिला की जान चली गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। इसे रूस-यूक्रेन युद्ध (जो 2022 से जारी है) के दौरान की सबसे बड़ी ड्रोन कार्रवाई में से एक माना जा रहा है।

यूक्रेनी वायुसेना के मुताबिक, रूस ने कुल 273 विस्फोटक ड्रोन से हमला किया। इनमें से 88 ड्रोन को मार गिराया गया, जबकि 128 ड्रोन इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग की वजह से बेअसर हो गए। इस तरह यूक्रेन ने 60% से ज्यादा हमलावर ड्रोनों को रोकने में सफलता पाई, लेकिन इसके बावजूद भी यह हमला काफी विनाशकारी रहा।

हमले में एक महिला की मौत

कीव क्षेत्र के गवर्नर मायकोला कलाश्निक के अनुसार, ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए। हमले में कुछ रिहायशी इमारतों और बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। यह हमला ऐसे समय में हुआ जब मॉस्को और कीव के बीच लंबे अंतराल के बाद पहली बार साधी से बातचीत हुई। हालांकि, शुक्रवार को हुई इस वार्ता में न तो युद्धविराम पर सहमति बनी और न ही किसी समाधान तक पहुंचा जा सका।

एक रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को उत्तर-पूर्वी यूक्रेन के सुमी इलाके में एक यात्री बस पर रूसी ड्रोन द्वारा किए गए हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। इस तरह के हमलों ने रूस और यूक्रेन के बीच संभावित शांति की उम्मीदों को धक्का पहुंचाया है। इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल पर 30 दिनों के लिए एक अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की गई थी। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक स्थायी और पूर्ण युद्धविराम की मांग की है।

दोनों देशों में और भी बढ़ सकता है तनाव

विशेषज्ञों का मानना है कि इस हमले का वार्ता के ठीक बाद होना महज एक संयोग नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति का संकेत हो सकता है, जो यह दर्शाता है कि दोनों देशों के बीच तनाव और भी बढ़ सकता है। गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध फरवरी 2022 में शुरू हुआ था और अब इसे तीन साल से ज्यादा समय हो चुका है। हाल ही में रूस ने ड्रोन और मिसाइल हमलों की तीव्रता बढ़ा दी है, वहीं यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने कई बार इन हमलों को नाकाम किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com