MI-6 Spy Lord Ashcroft In Nepal: नेपाल में आगामी चुनावों से पहले एक बार फिर कूटनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ (RAW) के पूर्व एजेंट लकी बिष्ट ने एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए दावा किया है कि ब्रिटिश खुफिया एजेंसी MI-6 इन दिनों नेपाल में सक्रिय है। बिष्ट के अनुसार, ब्रिटिश उद्योगपति लॉर्ड अशक्रॉफ्ट जिनके MI-6 से गहरे संबंध बताए जाते हैं पिछले कुछ दिनों से नेपाल में डेरा डाले हुए हैं।
लकी बिष्ट ने एक वीडियो के जरिए दावा किया है कि 28 जनवरी 2026 से नेपाल के पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक प्राइवेट 'ब्लैक जेट' खड़ा है। अनोखी बात यह है कि इस विमान की आवाजाही के बारे में नेपाल सरकार के पास कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। बिष्ट ने आरोप लगाया है कि इसी जेट के जरिए लॉर्ड अशक्रॉफ्ट नेपाल आए हैं। गौरतलब है कि पोखरा एयरपोर्ट का नियंत्रण फिलहाल चीन के पास है और बिष्ट का दावा है कि चीन को हमेशा पता होता है कि वहां कौन आ रहा है और कौन जा रहा है।
लकी बिष्ट का दावा है कि लॉर्ड अशक्रॉफ्ट केवल एक उद्योगपति नहीं हैं बल्कि वे दुनिया भर में सरकारें बनाने-बिगाड़ने में भूमिका निभाते हैं। इस समय उनकी नजदीकी केपी शर्मा ओली से बताई जा रही है जिन्हें नेपाल की जनता पहले ही सत्ता से बाहर कर चुकी है। बिष्ट के अनुसार, MI-6 का उद्देश्य 5 मार्च 2026 को होने वाले चुनावों में उसी सरकार को वापस लाना है जिसे जनता ने उखाड़ फेंका था। उन्होंने यह भी कहा कि लॉर्ड अशक्रॉफ्ट अक्सर चुनाव वाले देशों में पहुंचकर राजनीतिक दलों को फंड करते हैं।
यह भी पढ़ें:- बलूचिस्तान में ‘ऑपरेशन ऑलआउट’, अब तक 145 आतंकी ढेर; हमले में 15 पाकिस्तानी सैनिकों ने भी गंवाई जान
हालांकि 'नवभारत' इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है, लेकिन सूत्रों के अनुसार लकी बिष्ट द्वारा नेपाल को लेकर किए गए पिछले दावे सच साबित हुए हैं। उदाहरण के तौर पर नेपाल में हिंसक प्रदर्शनों के दौरान उन्होंने पहले ही कह दिया था कि शाम तक गृहमंत्री का इस्तीफा हो जाएगा और वैसा ही हुआ। इससे पहले उन्होंने 'काठमांडू के मेयर बालेन शाह' के नेपाल का अगला प्रधानमंत्री बनने की भविष्यवाणी भी की थी। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए बिष्ट का सवाल सीधा है 'क्या नेपाल की राजनीति के पीछे कोई अदृश्य खेल खेला जा रहा है?'