ड्रोन हमले से दहला कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट… 6 बिजली लाइनें ठप, भारतीयों के लिए जारी हुई चेतावनी
Kuwait Airport Attack: ईरान के ड्रोन हमलों ने कुवैत एयरपोर्ट और ऊर्जा ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है, वहीं, दूसरी ओर ईरान के अराक शहर पर हुए हमले में सात लोग घायल हो गए हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
ड्रोन हमले से दहला कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Iran Attack On Kuwait: मिडिल ईस्ट में ईरान की ओर से जारी लगातार हमलों के कारण क्षेत्र में गहरी चिंता का माहौल बना हुआ है। ईरान द्वारा पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में अलग-अलग ठिकानों पर हमले करने का सिलसिला जारी है। हालांकि, इन हमलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कड़ी आलोचना की जा रही है क्योंकि इनसे क्षेत्रीय स्थिरता को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पावर ग्रिड पर प्रहार
कुवैत की राष्ट्रीय न्यूज एजेंसी ने नागरिक उड्डयन अधिकारियों के हवाले से पुष्टि की है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई ड्रोन हमले हुए हैं। इस हमले में हवाई अड्डे के भीतर सामान और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर मिली है। हमलों के बाद इजरायली वॉर रूम ने एक बयान जारी कर कहा है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ईरान के ‘आतंकी शासन’ से जुड़े कई ड्रोनों द्वारा निशाना बनाया गया है। उनका यह भी कहना है कि अरब देशों पर ईरान का हमला लगातार बढ़ रहा है, जो पूरे मिडिल ईस्ट के आम नागरिकों को डराने की कोशिश है।
इसके अतिरिक्त, कुवैत के बिजली मंत्रालय ने बताया कि इन ड्रोनों से निकले मलबे के बुनियादी ढांचे पर गिरने के कारण कुवैत में छह प्रमुख बिजली ट्रांसमिशन लाइनें बंद हो गई हैं। हालांकि, सरकार ने राहत की बात यह बताई है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद पूरे देश में बिजली और पानी की आपूर्ति अभी भी स्थिर बनी हुई है।
सम्बंधित ख़बरें
South Sudan Plane Crash: दक्षिणी सूडान में भीषण विमान हादसा, पायलट समेत 14 लोगों की दर्दनाक मौत
सुलग उठा अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर! पाक सेना के हमले में कुनार प्रांत में 3 की मौत, 45 लोग घायल
US के पास नहीं है कोई एग्जिट प्लान, ईरान जंग पर जर्मन चांसलर ने ट्रंप को को सुनाई खरी-खरी
ईरान-अमेरिका के बीच फिर बढ़ी टेंशन! अब ‘होर्मुज’ पर सेना तैनात करेगा तेहरान, ट्रंप ने दी बड़ी चेतावनी
ईरान के अराक शहर में विस्फोट
दूसरी ओर, युद्ध की लपटें खुद ईरान के भीतर भी पहुंच गई हैं। मेहर न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के अराक प्रांत के एक औद्योगिक शहर पर हुए हमले में सात लोग घायल हो गए हैं। इनमें से दो घायलों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में छह औद्योगिक ‘प्रोडक्शन यूनिट’ को भारी क्षति पहुंची है। उल्लेखनीय है कि अराक एक महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर है जहाँ एक न्यूक्लियर कॉम्प्लेक्स भी स्थित है और यह क्षेत्र पहले भी इजरायली हमलों का निशाना बन चुका है।
यह भी पढ़ें:- ईरानी द्वीपों पर हमला हुआ तो… फारस की खाड़ी में बहेगी खून की नदियां, तेहरान ने अमेरिका-इजरायल को दी धमकी
तनाव का यह सिलसिला केवल कुवैत और ईरान तक ही सीमित नहीं है। इटली के रक्षा मंत्रालय ने जानकारी साझा की है कि इराक के कुर्द इलाके एरबिल में स्थित इतालवी सैन्य बेस पर रात के समय एक मिसाइल से हमला किया गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है।
भारतीय दूतावास की नई एडवाइजरी
क्षेत्र में तेजी से बिगड़ते हालात और रमजान के पवित्र महीने को ध्यान में रखते हुए कुवैत में स्थित भारतीय दूतावास ने एक नई एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि रमजान की वजह से शुक्रवार को एंबेसी की सभी सेवाएं बंद रहेंगी। भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास ने अपनी चार प्रमुख यूनिट्स के पते साझा किए हैं जो इस प्रकार हैं:
कुवैत सिटी: अली अल सलेम स्ट्रीट पर स्थित अल जवाहरा टावर की तीसरी मंजिल (इंडिगो एयरलाइंस वाली बिल्डिंग)।
जलीब अल शौयाख: नेस्टो हाइपरमार्केट बिल्डिंग (पुरानी ऑलिव हाइपरमार्केट) की एम मंजिल।
फहहील: मक्का स्ट्रीट पर स्थित अल अनौद शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की एम मंजिल।
जहरा: ब्लॉक 93 की अल खलीफा बिल्डिंग (बिल्डिंग नंबर 27) की दूसरी मंजिल, ऑफिस नंबर 3 और 14।
दूतावास ने किसी भी आपातकालीन स्थिति या प्रश्नों के लिए अपनी हेल्पलाइन नंबर +965 6550 1946 भी सक्रिय कर दी है। इसके साथ ही, नागरिक ‘community.kuwait@gov.in’ पर ईमेल भेजकर भी दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
