ईरान के 15,000 ठिकानों पर अमेरिका-इजरायल का महाप्रहार, मोजतबा खामेनेई घायल; लीडरशिप भी हुआ ‘अंडरग्राउंड’
Iran US War: अमेरिका और इजरायल ने ईरान के 15,000 से अधिक ठिकानों पर हमला किया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री का दावा है कि ईरानी नेतृत्व अंडरग्राउंड हो गया है और सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई घायल हैं।
- Written By: अमन उपाध्याय
ईरान पर इज़रायल के हवाई हमले, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
US Israel Iran War Latest News: मध्य पूर्व में जारी युद्ध ने अब एक अत्यंत विनाशकारी रूप ले लिया है। अमेरिका ने शुक्रवार को एक सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि युद्ध की शुरुआत से अब तक उसने और इजरायल ने मिलकर ईरान के 15,000 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस सैन्य अभियान की भयावहता का विवरण देते हुए बताया कि ईरान का शीर्ष नेतृत्व अब जान बचाने के लिए अंडरग्राउंड हो गया है।
भीषण बमबारी और नेतृत्व को चोट
रक्षा मंत्री हेगसेथ के अनुसार, अमेरिकी और इजरायली वायु सेना मिलकर हर दिन औसतन 1,000 से अधिक हमले कर रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि शुक्रवार को इस अभियान के तहत अब तक के सबसे भीषण हमले किए गए। वाशिंगटन का दावा है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर, मोजतबा खामेनेई इन हमलों में घायल हो गए हैं और उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। यह दावा ऐसे समय में आया है जब खामेनेई ने हाल ही में युद्ध जारी रखने का संकल्प लिया था। हेगसेथ ने यह भी चेतावनी दी कि ईरान की सभी रक्षा कंपनियां जल्द ही पूरी तरह नष्ट कर दी जाएंगी।
डोनाल्ड ट्रंप की ‘सब कुछ खत्म’ करने की चेतावनी
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के माध्यम से ईरान को कड़ी चेतावनी जारी की है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की नौसेना, वायुसेना, मिसाइल और ड्रोन क्षमताएं अब पूरी तरह नाश हो चुकी हैं। उन्होंने कहा, ‘हम ईरान के आतंकी शासन को सैन्य और आर्थिक रूप से हर तरीके से नष्ट कर रहे हैं।’ ट्रंप ने ईरानियों के खिलाफ इस कार्रवाई को अपना “सम्मान” बताया और कहा कि 47 वर्षों से निर्दोष लोगों की जान लेने वाले शासन का अब अंत निकट है।
सम्बंधित ख़बरें
एक व्यक्ति भी जीवित बचा तब भी… पाक सेना की गोलीबारी के बीच JAAC का बड़ा ऐलान, 48 घंटे में 31 की मौत
PoK चुनाव में जीत के बाद मरियम का बिलावल पर तंज, बोलीं- रोने-धोने से नहीं बदलेगा जनादेश; हार स्वीकार करे PPP
Antarctica Ice Melt से समुद्र का जलस्तर बढ़ने का भारी खतरा, तबाही से बचने का समय है बहुत कम
जापान में भूकंप ने मचाई भारी तबाही, ट्रेन पटरी से उतरी, एयरपोर्ट बंद… अब तक 13 लोगों की मौत
स्कूल पर हमले की आंतरिक जांच
एक तरफ जहां अमेरिका अपनी सैन्य सफलताओं का बखान कर रहा है, वहीं दूसरी ओर वह गंभीर आरोपों के घेरे में भी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दक्षिणी ईरान में एक लड़कियों के स्कूल पर हुए हमले की जांच के लिए एक स्वतंत्र जनरल अधिकारी को नियुक्त किया है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती आंतरिक जांच में संकेत मिले हैं कि इस रिहायशी इलाके और स्कूल पर हुए हमले के लिए संभवतः अमेरिकी सेना ही जिम्मेदार थी। रक्षा मंत्री हेगसेथ ने स्पष्ट किया कि इस मामले की पूरी गहराई से जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- ईरान जंग में अमेरिका को भारी चोट, 64 लाख के ‘आत्मघाती’ ड्रोन ने तबाह किया 7.5 अरब का विमान; 4 सैनिकों की मौत
क्षेत्रीय तनाव और नुकसान
ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी के अरब देशों पर शुक्रवार तड़के कई हमले किए हैं। दूसरी ओर, इस युद्ध में अमेरिका को भी नुकसान उठाना पड़ा है। इराक में ईंधन भरने के मिशन पर तैनात एक अमेरिकी मिलिट्री विमान क्रैश हो गया जिसमें 4 सैनिकों की मौत की खबर है। हालांकि अमेरिका का कहना है कि वे ईरान को पूरी तरह सरेंडर कराने की दिशा में बढ़ रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत और बढ़ता तनाव किसी बड़ी वैश्विक आपदा की ओर संकेत कर रहा है।
