फ्रांस ने लौटाए 128 साल पुरानी खोपड़ी (फोटो- सोशल मीडिया)
France Returns Skull of Madagascar King: फ्रांस ने पूर्वी अफ्रीकी देश मेडागास्कर को उपनिवेश काल की 128 साल पुरानी तीन मानव खोपड़ियाँ वापस लौटा दी हैं। ये खोपड़ियाँ उस समय की हैं जब फ्रांसीसी सेना ने मेडागास्कर पर हमला कर वहां के लोगों की हत्या कर दी थी। माना जा रहा है कि इनमें से एक खोपड़ी मेडागास्कर के राजा टोएरा की हो सकती है, जिनकी 1897 में फ्रांसीसी सेना के साथ संघर्ष में मृत्यु हो गई थी।
इन अवशेषों को पेरिस में फ्रांस के संस्कृति मंत्रालय में एक कार्यक्रम के दौरान मेडागास्कर को सौंपा गया। समारोह में पारंपरिक वस्त्रों में ढँके बक्सों में इन खोपड़ियों को सम्मान के साथ लाया गया। फ्रांस की संस्कृति मंत्री रचिदा दाती ने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया।
संस्कृति मंत्री रचिदा दाती ने कहा कि, ये खोपड़ियाँ उस समय म्यूजियम का हिस्सा बनीं जब उपनिवेशी हिंसा और मानव गरिमा का अपमान हुआ था। एक वैज्ञानिक समिति ने जांच के बाद पुष्टि की है कि ये खोपड़ियाँ सकलावा समुदाय से जुड़ी हैं, लेकिन राजा टोएरा की खोपड़ी होने की पुष्टि अभी भी पूरी तरह नहीं हो पाई है।
वहीं, मेडागास्कर की संस्कृति मंत्री वोलामिरांती डोना मारा ने कहा कि इन खोपड़ियों की वापसी ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि, इन खोपड़ियों का लिया जाना उनके देश के लिए एक दर्दनाक घटना थी, जो पिछले 128 सालों से एक खुला घाव बनी हुई थी।
यह वापसी 2023 में फ्रांस की ओर से पारित उस कानून के तहत की गई है, जो उपनिवेश काल के दौरान ली गई वस्तुओं और मानव अवशेषों को उनके मूल देशों को लौटाने की अनुमति देता है। यह पहली बार है जब इस कानून के तहत मानव अवशेष लौटाए गए हैं। पेरिस के म्यूसी डे ल’होमे संग्रहालय में लगभग 30,000 जैविक नमूने संभालकर रखे हुए है। इसमें से एक-तिहाई खोपड़ियाँ और कंकाल शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया और अर्जेंटीना जैसे कई देश भी अपने पूर्वजों के अवशेषों की वापसी की माँग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: इजरायल ने सीरिया पर फिर ढाया कहर, दमिश्क में किया ड्रोन अटैक, 6 सीरियाई सैनिकों की मौत
इन खोपड़ियों को रविवार को मेडागास्कर ले जाया जाएगा, जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सरकार राजा टोएरा की फांसी की वर्षगाँठ पर विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित करेगी।