'फाइनल राउंड के लिए तैयार...', पाकिस्तान के रक्षामंत्री का बड़बोला बयान, क्या फिर शुरू होगी जंग?

Khawaja Asif Statement: दिल्ली में लाल किले के पास हुए घातक कार ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने बेहद उत्तेजक बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान भारत से ऑलआउट वॉर के..
'Ready for the final round...', Pak Defence Minister's boastful statement, will the war start again?
पाकिस्तानी रक्षामंत्री ख्वाजा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Khawaja Asif Prepared War With India: दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट ने पूरे देश को हिला दिया। धमाके में 13 लोगों की मौत और कई दर्जन घायल हुए। घटना को भारत सरकार ने जघन्य आतंकी हमला करार दिया है। वहीं, इस हमले के बाद पाकिस्तान की ओर से बेहद उकसाने वाला बयान सामने आया है। पाकिस्तानी रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ ने टीवी इंटरव्यू में दावा किया कि उनका देश भारत के साथ युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है।

पाकिस्तानी चैनल को दिए इंटरव्यू में आसिफ ने कहा कि अगर भारत फाइनल राउंड चाहता है, अगर ऑलआउट चाहता है, तो हम इसके लिए तैयार है। हम पीछे हटने वाले नहीं। एंकर ने उनसे सवाल किया कि पाकिस्तान पहले ही अफगानिस्तान बॉर्डर, बलूचिस्तान और आंतरिक अस्थिरता से जूझ रहा है। ऐसे में भारत से टकराव देश को और संकट में डाल सकता है। इस पर आसिफ ने कहा कि पाकिस्तान दो मोर्चों पर भी लड़ने में सक्षम है।

हम दोनों से लड़ सकते हैं

आसिफ ने आगे कहा कि हम बातचीत चाहते हैं, लेकिन अगर भारत युद्ध चाहता है, तो हम भारत और अफगानिस्तान दोनों से एक साथ लड़ सकते हैं। पहले भी हमने अपनी ताकत साबित की है। अल्ला इस बार भी मदद करेंगे। आसिफ के इस बयान को विशेषज्ञ पाकिस्तान की आंतरिक राजनीतिक कमजोरी और बाहरी दबावों को छुपाने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।

पाकिस्तान आर्थिक संकट, सुरक्षा चुनौतियों और राजनीतिक अस्थिरता से गुजर रहा है। ऐसे में भारत के खिलाफ बयानबाजी उसके लिए घरेलू स्तर पर समर्थन जुटाने का तरीका माना जा रहा है।

दिल्ली ब्लास्ट के तार पाकिस्तानी संगठनों से

लाल किले के पास हुए धमाके की जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में इस हमले की कड़ियां पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी पाई जा रही हैं।

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA), दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और इंटेलिजेंस एजेंसियां मिलकर इस केस की छानबीन कर रही हैं। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश में है कि हमलावरों की प्लानिंग, फंडिंग और हैंडलिंग कहां से हुई। अधिकारी बताते हैं कि विस्फोटक, तकनीक और हमले का पैटर्न अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल की ओर इशारा करता है।

राजनीतिक तनाव बढ़ने की आशंका

इस हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संबंध पहले से भी ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं। पाकिस्तान की ओर से जारी युद्ध संबंधी बयानबाजी माहौल को और गंभीर बना रही है। भारत ने इस बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, फिलहाल देश भर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com