बलूचिस्तान में PAK आर्मी पर बड़ा हमला, BLF का दावा- सेना को भारी नुकसान, मुखबिर भी ढेर

BLF Attack On Pakistan Army: बलूचिस्तान में जारी अशांति के बीच बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ एक बड़े हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन ने दावा किया है कि इस हमले में...
Major attack on Pakistan Army in Balochistan; BLF claims heavy losses for the army and says informants were also killed.
बलूचिस्तान में BLF का PAK आर्मी पर बड़ा हमला, सांकेतिक फोटो (सो. एआई डिजाइन)
Updated on

Pakistan News In Hindi: बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने कोलवाह इलाके में पाकिस्तानी सेना पर एक जोरदार हमला किया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संगठन के प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलोच ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि यह हमला 23 दिसंबर की शाम करीब 5:30 बजे कोलवाह के कनिची इलाके में किया गया।

BLF के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना के जवान आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद अपनी मुख्य छावनी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान BLF के लड़ाकों ने उन पर घात लगाकर हमला किया। संगठन का दावा है कि इस हमले में भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे सेना के जवानों और उनके वाहनों को गंभीर नुकसान पहुंचा।

सैन्य जासूस की हत्या का दावा

प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलोच ने कहा कि यह मुठभेड़ लगभग आधे घंटे तक चली। हालांकि, पाकिस्तानी सेना की ओर से इस दावे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसी बयान में BLF ने एक कथित सैन्य जासूस की हत्या का भी दावा किया है। संगठन के अनुसार, 12 नवंबर 2025 को BLF के लड़ाकों ने गिशकोर इलाके के संदाम गांव के निवासी जाहिद पुत्र नोदी को होर इलाके से हिरासत में लिया था। BLF का कहना है कि यह कार्रवाई संगठन की खुफिया इकाई से मिली जानकारी के आधार पर की गई थी।

BLF के लड़ाकों को निशाना बनाने का प्लान

मेजर ग्वाहराम बलोच के अनुसार, पूछताछ के दौरान जाहिद नोदी ने स्वीकार किया कि वह अगस्त 2024 से पाकिस्तानी सेना के लिए जासूसी कर रहा था। BLF का दावा है कि वह कम से कम पांच बार ऐसे सैन्य चेकपॉइंट्स में शामिल रहा था जिनका मकसद BLF के लड़ाकों को निशाना बनाना था। संगठन ने बताया कि आरोपों की जांच के बाद उसकी आंतरिक न्याय संस्था ने जाहिद नोदी को मौत की सजा सुनाई। BLF के अनुसार, इस सजा को 22 दिसंबर की शाम करीब 6:30 बजे गिशकोर के गरादी इलाके में लागू किया गया।

बलोच स्वतंत्रता आंदोलन का विरोध

प्रवक्ता ने आगे कहा कि पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर BLF आने वाले समय में अपने दुश्मनों के खिलाफ और भी कार्रवाइयां करेगा। बयान में आरोप लगाया गया कि कोलवाह इलाके में कुछ स्थानीय लोगों को जासूस और हिट स्क्वॉड के सदस्यों के रूप में भर्ती किया गया है जो बलोच स्वतंत्रता आंदोलन का विरोध कर रहे हैं।

BLF ने यह भी आरोप लगाया कि इन गतिविधियों का संचालन जीयंद सजिदी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। अंत में संगठन ने दोहराया कि वह कोलवाह इलाके में पाकिस्तानी सेना और कथित ‘डेथ स्क्वॉड्स’ के सदस्यों की मौतों की जिम्मेदारी लेता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com