...तो यहां परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा, बंगाल में गरजे अमित शाह, प्वाइंट्स में समझें प्रमुख बातें

West Bengal Elections BJP Strategy: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल गरमाते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में ममता सरकार पर घुसपैठ और भ्रष्टाचार को लेकर तीखा हमला बोला।
Amit Shah West Bengal Visit
अमित शाह (Image- Social Media)
Updated on

Amit Shah West Bengal Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कोलकाता में कहा कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में विकास की धारा बहेगी, क्योंकि टीएमसी के 15 साल के शासन में जनता भय के माहौल में जी रही है। शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार बंगाल में घुसपैठ को रोकने में असफल रही है और यह काम सिर्फ भाजपा की सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में “परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा” और सभी घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाएगा।

अमित शाह सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे हैं। मंगलवार को वे पार्टी नेताओं के साथ कई अहम बैठकें करेंगे, जिनमें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा होगी।

शाह के बयान की प्रमुख बातें

  • टीएमसी शासन में बंगाल का विकास रुक गया है, जबकि मोदी सरकार देश से गरीबी हटाने का काम कर रही है।
  • बंगाल में केंद्र की योजनाएं डेड एंड पर पहुंच गई हैं।
  • भाजपा का संकल्प है कि 15 अप्रैल 2026 के बाद सरकार बनने पर बंगाल के गौरव और संस्कृति को फिर से स्थापित किया जाएगा।
  • 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी और पार्टी प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी।
  • बंगाल की जनता घुसपैठ से परेशान है और ऐसी सरकार का समर्थन नहीं कर सकती जो घुसपैठियों को पनाह दे।
  • अगला चुनाव घुसपैठ रोकने और घुसपैठियों को बाहर निकालने के मुद्दे पर लड़ा जाएगा।
  • यह केवल बंगाल नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा का सवाल है, जिसे सिर्फ राष्ट्रवादी सरकार ही सुलझा सकती है।

ममता बनर्जी सरकार से शाह के सवाल

  • बॉर्डर पर फेंसिंग के लिए जमीन देने से कौन सी सरकार मना कर रही है?
  • गांवों में घुसपैठ होने पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती?
  • आपकी सरकार घुसपैठियों को वापस क्यों नहीं भेज रही है?
  • बंगाल की तरह कश्मीर, असम और त्रिपुरा के बॉर्डर पर घुसपैठ क्यों नहीं हो रही है?

अमित शाह ने कहा कि बीजेपी की स्थापना बंगाल में हुई थी, इसलिए यह राज्य पार्टी के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने बताया कि 2014 में पार्टी को बंगाल में सिर्फ 2 सीटें और 17% वोट मिले थे, लेकिन 2019 में यह बढ़कर 18 सीटें और 41% वोट हो गए। 2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 77 सीटें और 38% वोट हासिल किए।

Navbharat Live
navbharatlive.com