शोएब खान ने धोनी की रणनीति अपनाकर कनाडा पर बरपाया कहर, टी20 वर्ल्ड कप में दिलाई यूएई को पहली जीत

Shoaib Khan: यूएई के शोएब खान ने कनाडा के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 29 गेंद में 51 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई और महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरणा लेने की बात कही।
Shoaib Khan Inspired By MS Dhoni
शोएब खान (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shoaib Khan Inspired By MS Dhoni: कनाडा के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-डी मुकाबले में यूएई के बल्लेबाज शोएब खान ने मुश्किल के समय में 29 गेंद में 51 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और अपनी टीम का मनोबल बढ़ा दिया। मैच के बाद शोएब ने कहा कि लक्ष्य का पीछा करते समय उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी शैली से प्रेरणा ली।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलते हुए शोएब ने सलामी बल्लेबाज आर्यांश शर्मा के साथ 43 गेंद में 84 रन की निर्णायक साझेदारी की। इस पारी में शोएब ने चार छक्के और चार चौके लगाए। उन्होंने कहा, “जब मैं क्रीज पर आया, तब स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण थी। हमें 12 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाने थे। मैंने धैर्य और संयम के साथ खेला, जैसा धोनी हमेशा करते थे।”

बिहार के गया से है शोएब का ताल्लुक

शोएब ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से की और बिहार के गया में बड़े हुए। उन्होंने बताया कि यूएई में उन्होंने 2021 में पेशेवर क्रिकेट खेलना शुरू किया और साथ ही एक वित्तीय सलाहकार के तौर पर काम भी किया। उन्होंने कहा कि मैं अपनी पत्नी, बेटी और माता-पिता के समर्थन के कारण यहां तक पहुंचा हूं। पिछले कुछ सालों का संघर्ष सही साबित करने का यही मौका था।

कोच लालचंद राजपूत को लेकर शोएब ने क्या कहा?

उन्होंने अपने कोच लालचंद राजपूत का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें विश्व कप में मौका दिलाने का भरोसा दिया। शोएब ने कहा, “मेरे कोच ने मुझे भरोसा दिलाया कि मैं समय लेकर अपना खेल दिखा सकता हूं, और यही मुझे आज सफलता दिलाने में मदद मिली।”

शोएब ने जुनैद सिद्दीकी की तारीफ की

इससे पहले इस मैच में पांच विकेट लेने वाले जुनैद सिद्दीकी की भी शोएब ने तारीफ की। उन्होंने कहा, “जुनैद हमारे सीनियर गेंदबाज हैं और उनकी गेंदबाजी का अनुभव टीम के लिए बहुत अहम है। उन्होंने धीमी गेंद की योजना से मैच को अपने पक्ष में किया।” शोएब का यह चौथा T20I मैच था और उन्होंने साबित किया कि संघर्ष और धैर्य से कोई भी खिलाड़ी मुश्किल वक्त में मैच जीतने की क्षमता रखता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com