
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
उत्तरकाशी : ऋषिकेश गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर उत्तरकाशी जिले में मनेरी क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध गंगनानी कुंड से एक विदेशी महिला का शव बरामद हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार वह शनिवार को रात के वक्त गंगनानी कुंड में स्नान के लिए गई थी और इसी दौरान दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। इस घटना का पता अगले दिन तब चला जब स्थानीय लोग सुबह लगभग 9 बजे कुंड के पास पहुंचे थे। यहां उन्हें कुंड में विदेशी महिला का शव उतराता दिखाई दिया जिसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी।
मनेरी के पुलिस थानाध्यक्ष मनोज असवाल ने मंगलवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मरने वाली महिला रूसी मूल की 45 वर्षीय तात्याना है। वह कुछ दिन पहले ही भारत भ्रमण पर आई थी। त्याना काफी आध्यात्मिक प्रवृत्ति की महिला थी। बीती शनिवार रात करीब 11 बजे वह ऋषिकेश गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कुंड में स्नान करने गयी थी जहां उसकी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी।
देश-दुनिया की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना का पता अगली सुबह नौ बजे स्थानीय लोगों से चला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कुंड से महिला का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रूसी महिला अपने दो दोस्तों के साथ उत्तरकाशी भ्रमण पर आई हुई थी। उसकी मौत की सूचना उनके दोनों साथियों इमुलिया और याक्स्ता को भी दे दी गई है। इमुलिया और याक्स्ता ने बताया कि तात्याना बहुत आध्यात्मिक थी और अक्सर रात को भी ध्यान और घूमने के लिए बाहर निकलती थी। इस घटना के बाद पुलिस ने तात्याना के शव को उनके देश भेजने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं शुरू कर दी है। सारी औपचारिकताएं पूरी होती ही शव को रूस भेज दिया जाएगा।
(एजेंसी इनपुट के साथ)






