

Pratapgarh Police Station Death: पट्टी कोतवाली में किशोरी के अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए लाए गए 22 वर्षीय युवक अर्जुन गौतम उर्फ शैलेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार को कोतवाली परिसर के शौचालय में वह फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने पट्टी के कोतवाल आनंदपाल सिंह और मामले के विवेचक एसआई ओंकार सिंह को निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है। मामले में मजिस्ट्रियल जांच की संस्तुति भी की गई है।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर निवासी अर्जुन पर 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज था। पुलिस के मुताबिक किशोरी को बरामद करने के बाद उसके बयान के आधार पर अर्जुन की भूमिका सामने आई थी। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया था। पुलिस के अनुसार रविवार को उससे पूछताछ चल रही थी। इसी दौरान वह शौचालय जाने की बात कहकर गया और कुछ देर बाद वहां फंदे पर लटका मिला।
घटना के बाद पुलिसकर्मी उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एसपी दीपक भूकर और एएसपी पूर्वी आलोक कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी पट्टी कोतवाली पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
युवक की मौत के बाद उसके परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि अर्जुन को पुलिस पूछताछ के लिए लेकर गई थी और उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मारपीट से मौत के आरोप को खारिज किया है। एएसपी पूर्वी आलोक कुमार के अनुसार, मामले की जांच चल रही थी और इसी दौरान युवक ने कोतवाली के शौचालय में जान दे दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी दीपक भूकर ने पट्टी कोतवाल आनंदपाल सिंह और विवेचक एसआई ओंकार सिंह को निलंबित कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया दोनों की लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी की ओर से मामले की मजिस्ट्रियल जांच की संस्तुति किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।