
Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में अब कुछ महीने ही बचे हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से तैयारियों में लगी हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 2027 विधानसभा चुनाव में पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने मुख्यमंत्री के लिए कुल 6 नाम गिनाएं हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस और आगामी अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखी है। इसमें मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर उन्हें राष्ट्र निर्माण की नींव रखने वाले 81 गुरुजनों को सम्मानित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। शिक्षक वह दीप हैं, जो ज्ञान का प्रकाश फैलाकर आने वाली पीढ़ियों का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
2013 के सांप्रदायिक दंगों की बरसी पर शहर में लगाए गए कुछ विवादित होर्डिंग को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। 7 सितंबर को नंगला मंदौड़ पंचायत के बाद भड़की हिंसा की बरसी के दिन रोडवेज बस स्टैंड के पास रातों-रात कई होर्डिंग लगाए गए। इनमें बड़े अक्षरों में लिखा है- ‘न भूले थे, न भूले हैं, न भूलेंगे’। होर्डिंग पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की डांस देखते हुए तस्वीर भी लगाई गई है।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के फतेहपुर स्थित अचैचा गांव के एक किसान बेटे कपिल कुमार ने हवाई जहाज बनाया है, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। वायरलेस तकनीक पर चलने वाला यह हवाई जहाज को बनाने में करीब 15 हजार रुपये की लागत आई है।
सरकार जहां स्कूल चलो अभियान के माध्यम से हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चला रही है, वहीं आगरा में बिना मान्यता विद्यालय संचालित कर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर बेसिक शिक्षा विभाग ने शिकंजा कस दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.राकेश सिंह ने जिले में बगैर मान्यता संचालित पाए गए 58 विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं।
सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद ध्वस्तीकरण के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल का आज सहारनपुर दौरा प्रस्तावित था। प्रतिनिधिमंडल में मेरठ से सपा विधायक अतुल प्रधान भी शामिल होने वाले थे। लेकिन सहारनपुर रवाना होने से पहले ही मेरठ पुलिस ने अतुल प्रधान को शास्त्री नगर स्थित उनके घर पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया।
कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के चिल्ला शहबाजी गांव स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट की जांच में पुलिस को अब मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से अहम सुराग मिले हैं। हादसे के मुख्य आरोपित नौशाद के मोबाइल की सीडीआर और वाट्सऐप चैट की पड़ताल के आधार पर पुलिस ने प्रयागराज और प्रतापगढ़ के कई पटाखा कारोबारियों को अपने रडार पर लिया है।
सहारनपुर में प्रशासन की ओर से मस्जिद पर की गई कार्रवाई के बाद हिंदू संगठनों की ओर से इसका समर्थन किया जा रहा है। इसी क्रम में आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने रामबाग स्थित भाटिया पेट्रोल पंप के पास बुलडोजर का पूजन किया। कार्यकर्ताओं ने नारियल फोड़ा और बुलडोजर की आरती उतारकर प्रसाद के रूप में लड्डू बांटे।
ताजनगरी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। किरावली तहसील क्षेत्र के अछनेरा गांव स्थित कचौरा-बस्तई मार्ग पर जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय परिसर और आसपास पानी भर जाने से सैकड़ों छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। चंद्रावती निवासी छात्र रोशन जायसवाल ने विद्यालय के शिक्षक और प्रधानाचार्य पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए चौबेपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने छात्र को चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजने के साथ ही प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।